कौन / Kaun | एक गलत नंबर से शुरू हुई दर्दनाक प्रेम कहानी | कुमार सरोज | किशोरवाणी |
कहते हैं, प्यार इंसान को जीने की वजह देता है। लेकिन जब वही प्यार ठुकरा देता है, तो साँसें चलती रहने के बावजूद जिंदगी बेमानी लगने लगती है। कुछ लोग हमारी जिंदगी में अनजाने में आते हैं, दिल में हजारों सपने जगाते हैं और फिर एक दिन हमें इस तरह छोड़ जाते हैं, जैसे हम कभी उनके अपने थे ही नहीं।
मानव की जिंदगी में भी सिमरन एक गलत नंबर के जरिए आई थी। एक छोटी-सी बातचीत दोस्ती में बदली, दोस्ती मोहब्बत में और मोहब्बत सात जन्मों तक साथ निभाने के सपने में। मानव ने सिमरन में अपना पूरा संसार देख लिया था। उसे क्या पता था कि जिस लड़की के लिए वह अपनी खुशियाँ तक कुर्बान करने को तैयार था, एक दिन वही लड़की उसकी जिंदगी की आखिरी पुकार सुनकर भी फोन काट देगी।
यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि उन भावनाओं की दास्तान है, जिन्हें अक्सर दौलत और महत्वाकांक्षाओं के सामने कोई कीमत नहीं मिलती।
एक ऐसी कहानी, जिसका आरंभ एक सवाल से हुआ और अंत भी उसी सवाल पर हुआ— " कौन ? "
आइए, पढ़ते हैं मानव और सिमरन की एक ऐसी मार्मिक प्रेम कहानी, जो आपको प्यार, विश्वास और रिश्तों की कीमत पर सोचने के लिए मजबूर कर देगी।
कौन
पटना शहर की भागती-दौड़ती जिंदगी के बीच एक पुराने से हॉस्टल के कमरे में मानव अपनी जिंदगी के सबसे खूबसूरत सपने को सच करने के लिए संघर्ष कर रहा था।
वह पटना जिले के पाली गाँव का रहने वाला था। उसके पिता एक छोटे किसान थे, जिनकी जिंदगी खेतों की मिट्टी, मौसम की मार और कर्ज की चिंता के बीच गुजरती थी। माँ गृहिणी थीं और छोटी बहन किरण गाँव के सरकारी स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ती थी।
घर की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी कि मानव किसी बड़े संस्थान में पढ़ाई कर सके। उसने ट्यूशन पढ़ाकर किसी तरह स्नातक की डिग्री हासिल की थी। अब वह पटना के एक हॉस्टल में रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था।
उसकी आँखों में अपने लिए बहुत बड़े सपने नहीं थे। वह बस इतना चाहता था कि उसके पिता को खेतों में दिन-रात पसीना न बहाना पड़े, माँ को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए पैसे न गिनने पड़ें और बहन किरण की पढ़ाई कभी पैसों की कमी के कारण न रुके।
उस सुबह हॉस्टल के हॉल में रखे अखबार के पन्ने पलटते हुए अचानक उसकी नजर एक खबर पर ठहर गई।
सरकारी विद्यालय के शिक्षकों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित हो चुका था।
मानव ने काँपते हाथों से परिणाम देखा। कुछ क्षणों तक वह स्क्रीन पर अपना नाम देखता रहा। फिर उसने दोबारा जाँचा, तीसरी बार जाँचा।
उसका चयन हो गया था! वह खुशी से उछल पड़ा।
"हो गया! मेरा हो गया!"
उसकी आवाज सुनकर हॉल में बैठे लड़के उसकी तरफ देखने लगे।
"क्या हुआ मानव? पागल हो गया है क्या?"
मानव की आँखें खुशी से भर आईं।
"भाई, नौकरी लग गई! सरकारी स्कूल में शिक्षक बन गया मैं!"
उसने अखबार सीने से लगा लिया, मानो उसमें छपी खबर नहीं, उसके वर्षों के संघर्ष की जीत हो।
उस पल उसे अपनी मेहनत से ज्यादा अपने पिता के खुरदरे हाथ याद आए। माँ की थकी हुई आँखें याद आईं। वह छोटी-छोटी जरूरतों को दबाकर उसकी पढ़ाई का खर्च उठाने वाले अपने परिवार को यह खुशखबरी सबसे पहले सुनाना चाहता था।
वह दौड़कर अपने कमरे में आया और पुरानी डायरी निकालने लगा। उसमें उसके चाचा गणेश महतो का मोबाइल नंबर लिखा था। गाँव में उसके माता-पिता के पास मोबाइल नहीं था, इसलिए वह अक्सर चाचा के फोन पर ही घर बात करता था।
मानव ने कुछ दिन पहले ही अपने लिए एक छोटा-सा कीपैड मोबाइल खरीदा था। हड़बड़ी में उसने डायरी से नंबर देखकर मोबाइल में नंबर मिलाया। लेकिन खुशी में उसके हाथ काँप रहे थे। नंबर के अंतिम अंकों में 72 की जगह 75 दब गया।
कुछ देर बाद दूसरी तरफ से एक लड़की की आवाज सुनाई दी।
"कौन?"
मानव ने बिना कुछ सोचे-समझे बोलना शुरू कर दिया।
"नयना, मैं मानव बोल रहा हूँ! सुनो, माँ घर पर हैं क्या? उनसे कहना कि मानव की नौकरी लग गई है। सरकारी स्कूल में शिक्षक बन गया हूँ मैं!"
दूसरी तरफ कुछ पल खामोशी रही।
फिर वही आवाज आई।
"माफ कीजिएगा, आप कौन बोल रहे हैं?"
मानव ठिठक गया।
"अरे, मैं मानव! पाली में गणेश चाचा के यहाँ फोन लगा है न?"
"नहीं। आपने गलत नंबर लगा दिया है।"
और फोन कट गया।
मानव ने मोबाइल की स्क्रीन देखी। फिर डायरी में लिखे नंबर से मिलान किया।
"अरे यार! एक नंबर गलत दब गया!"
उसके चेहरे पर हल्की-सी मुस्कान आ गई।
"कोई बात नहीं। खुशखबरी तो घर पर ही सुनानी है।"
उसने सही नंबर मिलाया और कुछ ही देर में अपने माता-पिता को अपनी सफलता की खबर सुना दी।
उस दिन घर में भी खुशियों का माहौल था। पिता की आँखें भर आईं। माँ ने भगवान के सामने हाथ जोड़ लिए। बहन किरण खुशी से चिल्लाती हुई पूरे घर में दौड़ने लगी।
लेकिन मानव को कहाँ पता था कि उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशियों में से एक की शुरुआत एक गलत नंबर से हो चुकी थी। और यही गलत नंबर एक दिन उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन जाएगा।
शाम को मानव अपने कमरे में बैठा भविष्य के सपने बुन रहा था। अब उसे लग रहा था कि जिंदगी धीरे-धीरे सही रास्ते पर आ रही है।
तभी मोबाइल पर एक मैसेज आया।
"नौकरी मुबारक हो!"
मानव चौंका। यह नंबर तो उसी लड़की का था, जिससे सुबह गलती से बात हो गई थी।
वह कुछ पल तक स्क्रीन देखता रहा। फिर उसने जवाब लिखा—
"धन्यवाद!"
कुछ ही सेकंड बाद दूसरा मैसेज आया।
"बस धन्यवाद? मैं तो सोच रही थी कि नौकरी लगने की खुशी में पार्टी मिलेगी!"
मानव के चेहरे पर मुस्कान फैल गई।
उसने जवाब दिया—
"गलती से फोन लग गया था, लेकिन पार्टी की माँग तो ऐसे कर रही हैं, जैसे नौकरी लगवाने में आपका भी हाथ हो!"
उधर से तुरंत जवाब आया—
"किसे पता? हो सकता है मेरी आवाज आपके लिए शुभ हो!"
मानव हँस पड़ा।
"अच्छा! तो अब नौकरी लगने का श्रेय भी आपको ही दे दूँ?"
"बिल्कुल! वैसे मेरा नाम सिमरन है। और आपका नाम तो पता चल ही गया—मानव जी, सरकारी मास्टर साहब!"
मानव को उस अनजान लड़की का बेबाक अंदाज अच्छा लगा।
कुछ देर बाद उसके मोबाइल की घंटी बज उठी। सिमरन का फोन था। मानव ने फोन उठाया।
"हेलो!"
"तो मास्टर साहब, अब तो मिठाई खिलानी पड़ेगी।"
"आप तो पीछे ही पड़ गईं मिठाई के!"
"और आप तो ऐसे बच रहे हैं, जैसे आपकी नौकरी का आधा वेतन मुझे देना पड़ेगा!"
दोनों हँस पड़े।
❤️📖 अब आप नीचे दिये गए QR Code को स्कैन करके भी कहानी पढ़ सकते हैं -
उस दिन पहली बार मानव ने महसूस किया कि कभी-कभी किसी अनजान व्यक्ति से बात करना भी कितना अच्छा लगता है।
सिमरन गया जिले के अतरी गाँव की रहने वाली थी। इसी साल उसने इंटर की परीक्षा पास की थी और आगे की पढ़ाई के लिए कुछ महीने पहले पटना आई थी। वह भी एक हॉस्टल में रहती थी।
धीरे-धीरे फोन पर होने वाली बातचीत रोज का सिलसिला बन गई। पहले कुछ मिनट की बातें होती थीं, फिर आधा घंटा और फिर घंटों गुजरने लगे। सुबह की शुरुआत एक-दूसरे के संदेश से होती और रात की आखिरी बातचीत भी एक-दूसरे की आवाज सुनकर खत्म होती।
मानव को सिमरन से बात करने की आदत हो गई थी। एक दिन सिमरन ने पूछा—
"मानव, तुम हर वक्त इतने गंभीर क्यों रहते हो?"
"जिंदगी ने हँसने के मौके थोड़े कम दिए हैं।"
"तो क्या अब जिंदगी भर ऐसे ही रहोगे?"
"नहीं। अब लगता है कि शायद जिंदगी ने मेरे हिस्से की खुशियाँ तुम्हारी आवाज में छिपाकर रखी थीं।"
दूसरी तरफ कुछ पल खामोशी रही।
फिर सिमरन हँसते हुए बोली—
"वाह! सरकारी मास्टर साहब तो बड़े शायर निकले!"
मानव भी हँस पड़ा।
लेकिन उसके लिए वह सिर्फ मजाक नहीं था। वह सचमुच सिमरन की आवाज में अपनी खुशियाँ तलाशने लगा था।
समय बीतता गया। मानव की नियुक्ति पटना जिले के मसौढ़ी प्रखंड के एक सरकारी विद्यालय में हो गई। वह रोज पटना से ट्रेन पकड़कर स्कूल जाता और शाम को वापस लौट आता। उसकी जिंदगी अब पहले से बेहतर थी। तनख्वाह भले बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन उसके लिए वह किसी खजाने से कम नहीं थी।
पहली तनख्वाह मिली तो उसने सबसे पहले घर पैसे भेजे। पिता के लिए नए कपड़े खरीदे, माँ के लिए एक साड़ी और बहन किरण के लिए किताबें। लेकिन अपनी तनख्वाह का एक हिस्सा वह सिमरन के साथ बिताए पलों पर भी खर्च करने लगा।
रविवार को जब छुट्टी होती, वह सिमरन से मिलने जाता। कभी दोनों किसी पार्क में बैठते, कभी सड़क किनारे चाय पीते और कभी शहर की भीड़ से दूर घंटों बातें करते।
एक दिन दोनों पटना की एक सड़क के किनारे चाय पी रहे थे। सिमरन ने कप नीचे रखा और पूछा—
"मानव, तुम अपनी जिंदगी से क्या चाहते हो?"
मानव ने कुछ देर सोचा।
"बहुत कुछ नहीं। एक छोटा-सा घर हो, माँ-पिताजी साथ रहें, किरण पढ़-लिखकर अपने पैरों पर खड़ी हो जाए। और...। "
"और?"
"और उस घर में तुम रहो।"
सिमरन ने उसकी तरफ देखा। मानव की आँखों में कोई दिखावा नहीं था। वह जो कह रहा था, पूरे दिल से कह रहा था।
"तुम सच में मुझसे शादी करना चाहते हो?" सिमरन ने पूछा।
मानव मुस्कुराया।
"क्या तुम्हें अब भी शक है?"
"लेकिन मेरी पढ़ाई अभी बाकी है। मैं अभी शादी नहीं करना चाहती।"
"मैंने कब कहा कि कल ही शादी कर लो? अपनी पढ़ाई पूरी करो। मैं इंतजार करूँगा।"
"कितना इंतजार करोगे?"
मानव ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा—
"जब तक तुम्हें यकीन न हो जाए कि मैं तुम्हारे साथ अपनी पूरी जिंदगी गुजार सकता हूँ।"
सिमरन ने नजरें झुका लीं।
मानव ने धीरे से उसका हाथ थाम लिया।
"सिमरन, मेरे पास तुम्हें देने के लिए महँगी गाड़ियाँ नहीं हैं, बड़े-बड़े होटल नहीं हैं। मैं तुम्हें हर रोज नए कपड़े और महँगे तोहफे भी शायद न दे पाऊँ। लेकिन एक चीज है, जो मेरे पास बहुत है।"
"क्या?"
"तुम्हारे लिए प्यार। और यह वादा कि जिंदगी कितनी भी मुश्किल क्यों न हो जाए, मैं तुम्हारा साथ नहीं छोड़ूँगा।"
सिमरन मुस्कुराई।
"बस-बस, अब इतना भी भावुक मत बनो।"
लेकिन मानव उस मुस्कान को अपने जीवन का सबसे खूबसूरत वादा समझ बैठा। उसने अपने मन में एक छोटा-सा संसार बसा लिया था, जिसमें वह और सिमरन साथ थे। उसे विश्वास था कि एक दिन सिमरन उसके घर आएगी। माँ उसे बहू कहकर बुलाएँगी। पिता के चेहरे पर संतोष होगा और किरण अपनी भाभी के साथ खिलखिलाकर हँसेगी।
मानव अपने प्यार रूपी सपनों का घर बना रहा था। लेकिन उसे यह नहीं मालूम था कि जिस लड़की को वह अपने घर की रानी बनाने के सपने देख रहा था, वह उसकी दुनिया में रहने के लिए आई ही नहीं थी।
सिमरन की जिंदगी के सपने मानव से अलग थे। वह महत्वाकांक्षी थी। उसे एक आलीशान जिंदगी चाहिए थी। बड़े-बड़े होटल, महँगे कपड़े, लग्जरी गाड़ियाँ और समाज में एक ऐसी पहचान, जिसके सामने लोग उसकी तारीफ करें। मानव का प्यार उसे अच्छा लगता था। उसकी परवाह, उसका समर्पण और हर जरूरत पर उसके साथ खड़े रहने का भरोसा भी उसे सुकून देता था। लेकिन प्यार और जीवनसाथी चुनने के उसके मापदंड अलग थे। मानव एक सरकारी शिक्षक था। उसके लिए यह बहुत बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन सिमरन की नजर में उसकी तनख्वाह उसके सपनों की जिंदगी के लिए पर्याप्त नहीं थी।
📖✨ नियमित कहानियां पढ़ने के लिए किशोरवाणी WhatsApp चैनल से जुड़िए ❤️
शुरुआत में वह मानव के साथ इसलिए भी बनी रही क्योंकि वह उसकी जरूरतों में मदद करता था। कभी हॉस्टल के खर्च में, कभी किताबें खरीदने में और कभी छोटी-मोटी जरूरतों में। मानव इन बातों को प्रेम का हिस्सा समझता था।
जब सिमरन कहती, "मानव, इस महीने पैसे थोड़े कम पड़ गए हैं," तो वह बिना सवाल किए मदद कर देता।
जब वह कहती, "मुझे एक किताब खरीदनी है," तो मानव अपनी जरूरत टालकर उसके लिए पैसे भेज देता। वह कभी हिसाब नहीं रखता था। उसे लगता था कि जिस दिन दोनों की शादी होगी, उस दिन यह सब उनका अपना होगा।
लेकिन सिमरन के मन में एक दूसरी ही दुनिया आकार ले रही थी। एक दिन कॉलेज में उसकी मुलाकात शिवाय से हुई। शिवाय एक बड़े डॉक्टर का इकलौता बेटा था। उसके पिता का अपना अस्पताल था और परिवार करोड़ों की संपत्ति का मालिक था। महँगी गाड़ी, आधुनिक रहन-सहन और आकर्षक व्यक्तित्व—शिवाय के पास वे तमाम चीजें थीं, जिनके सपने सिमरन देखा करती थी।
शिवाय के साथ समय बिताते हुए सिमरन को अपनी मनचाही दुनिया दिखाई देने लगी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती बढ़ने लगी।
अब सिमरन के पास मानव के फोन का जवाब देने का समय कम पड़ने लगा।
पहले वह कहती थी, "मानव, तुमसे बात किए बिना नींद नहीं आती।"
अब कहने लगी, "मानव, अभी व्यस्त हूँ। बाद में बात करती हूँ।"
पहले वह मानव से मिलने के लिए खुद समय निकालती थी। अब मिलने की बात पर कभी पढ़ाई का बहाना बनाती, कभी तबीयत खराब होने का और कभी किसी जरूरी काम का।
मानव ने बदलाव महसूस किया।
एक रात उसने सिमरन को फोन किया।
"सिमरन, तुम ठीक हो न?"
"हाँ, क्यों?"
"कुछ दिनों से तुम बदली-बदली लग रही हो।"
"ऐसा कुछ नहीं है, मानव। तुम बेकार की बातें सोचते रहते हो।"
"हो सकता है मैं गलत सोच रहा हूँ। लेकिन पहले तुम्हारी आवाज में मेरे लिए वक्त होता था। अब तुम्हारी आवाज तो वही है, बस उसमें मेरे लिए अपनापन नहीं लगता।"
सिमरन कुछ पल चुप रही।
फिर झुँझलाकर बोली—
"हर बात में इतना इमोशनल होना जरूरी है क्या? मैं पढ़ने आई हूँ। मेरे भी दोस्त हैं, मेरी भी जिंदगी है। हर समय तुम्हें ही जवाब देती रहूँ, यह तो संभव नहीं है।"
मानव को उसकी बात चुभ गई।
"मैंने कब कहा कि तुम हर समय मुझसे बात करो? मैं तो सिर्फ इतना चाहता हूँ कि तुम्हारी जिंदगी में मेरी जगह वही रहे, जो पहले थी।"
"लोग बदलते हैं, मानव। हर रिश्ता हमेशा एक जैसा नहीं रहता।"
मानव ने धीमी आवाज में पूछा—
"क्या तुम्हारे मन में मेरे लिए कुछ बदल गया है?"
"अभी इस बारे में बात नहीं करनी। मुझे पढ़ना है।"
फोन कट गया।
मानव देर तक मोबाइल हाथ में लिए बैठा रहा।
उस रात पहली बार उसे लगा कि कहीं वह जिस रिश्ते को दोनों की मोहब्बत समझ रहा है, वह शायद सिर्फ उसकी अपनी मोहब्बत तो नहीं।
कुछ दिन बाद सिमरन ने मानव को मिलने के लिए बुलाया। मानव के मन में उम्मीद जागी कि शायद सब ठीक हो गया है। वह समय से पहले पहुँच गया। उसके चेहरे पर वही पुरानी मुस्कान थी, जिसे वह कई दिनों से वापस पाने की कोशिश कर रहा था।
सिमरन आई तो उसके चेहरे पर कोई उत्साह नहीं था।
दोनों कुछ देर खामोश बैठे रहे।
आखिरकार सिमरन ने कहा—
"मानव, मुझे तुमसे कुछ कहना है।"
मानव ने मुस्कुराकर कहा—
"कहो। क्या बात है? इतनी गंभीर क्यों हो?"
सिमरन ने नजरें दूसरी तरफ कर लीं।
"मुझे लगता है कि हमें अब एक-दूसरे से दूर हो जाना चाहिए।"
मानव की मुस्कान वहीं ठहर गई।
"क्या मतलब?"
"मतलब साफ है। मैं अब यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ाना चाहती।"
कुछ क्षणों के लिए मानव को लगा, जैसे उसके आसपास की सारी आवाजें बंद हो गई हों।
उसने खुद को सँभालते हुए पूछा—
"क्या मैंने कोई गलती की है?"
"नहीं।"
"तो फिर क्या हुआ? अगर मुझसे कोई शिकायत है, तो बताओ। मैं खुद को बदलने की कोशिश करूँगा।"
"बात तुम्हारी गलती की नहीं है।"
"तो किस बात की है, सिमरन?"
वह चुप रही।
मानव की आँखें भर आईं।
"देखो, अगर तुम्हें मेरी कोई बात बुरी लगी है, तो मुझे बता दो। अगर मैंने तुम्हें कभी दुख पहुँचाया है, तो मुझे माफ कर दो। लेकिन इस तरह अचानक मुझे अपनी जिंदगी से मत निकालो।"
सिमरन ने कठोर स्वर में कहा—
"मानव, मैं अब तुम्हारे साथ अपना भविष्य नहीं देखती।"
मानव ने उसकी तरफ देखा।
"और जो भविष्य हमने साथ मिलकर देखा था? जो सपने हमने एक-दूसरे के साथ बुने थे? क्या वे सब झूठ थे?"
"मैंने ऐसा कब कहा?"
"तो फिर उन्हें छोड़कर जा कैसे रही हो?"
सिमरन ने गहरी साँस ली।
"हम दोनों की सोच अलग है। तुम्हारे लिए तुम्हारी नौकरी और तुम्हारा छोटा-सा संसार काफी है। लेकिन मैं जिंदगी में बहुत आगे जाना चाहती हूँ। मैं वैसी जिंदगी नहीं जीना चाहती, जैसी तुम मुझे दे सकते हो।"
मानव के होंठ काँप उठे।
"तुमने मुझसे कभी पूछा ही नहीं कि मैं तुम्हें क्या दे सकता हूँ। तुमने तो बस यह देखा कि मेरे पास क्या नहीं है।"
सिमरन ने कोई जवाब नहीं दिया।
मानव ने उसकी आँखों में देखते हुए पूछा—
"क्या तुम्हारी जिंदगी में कोई और आ गया है?"
सिमरन कुछ पल खामोश रही। उसकी खामोशी ने मानव के मन में उठ रहे संदेह को और गहरा कर दिया।
"शिवाय?" मानव ने धीरे से पूछा।
सिमरन ने नजरें झुका लीं।
"हाँ। मैं शिवाय को पसंद करने लगी हूँ।"
मानव की आँखों में आँसू उतर आए। उसने कुछ पल खुद को सँभालने की कोशिश की। फिर बहुत धीमी आवाज में बोला—
"वह अमीर है, इसलिए?"
सिमरन ने कोई जवाब नहीं दिया।
"सिमरन, मुझे बता दो। मैं सुनना चाहता हूँ। शायद सुनने के बाद यह समझ पाऊँ कि मेरी मोहब्बत में कमी कहाँ रह गई थी।"
"तुम्हारी मोहब्बत में कमी नहीं है, मानव। लेकिन सिर्फ मोहब्बत से जिंदगी नहीं चलती।"
मानव की आँखों से एक आँसू ढुलककर गाल पर आ गया।
"मैंने कब कहा कि जिंदगी सिर्फ मोहब्बत से चलती है? मैं तो तुम्हारे साथ मिलकर जिंदगी चलाना चाहता था। मैं मेहनत करता, आगे बढ़ता, तुम्हारी हर खुशी पूरी करने की कोशिश करता। तुम मेरा साथ तो देतीं।"
"मैं इंतजार नहीं करना चाहती।"
"कितने समय का इंतजार माँग रहा था मैं तुमसे? कुछ साल? कुछ महीने? या बस इतना कि तुम मुझे अपना समझती रहो?"
सिमरन की आवाज में अब अधीरता थी।
"मानव, प्लीज! इस रिश्ते को यहीं खत्म कर दो। मैं अब तुम्हारे साथ नहीं रहना चाहती।"
मानव ने उसे देर तक देखा। वही चेहरा, जिसे देखकर उसके दिन की थकान मिट जाती थी। वही आँखें, जिनमें उसने अपने आने वाले कल के सपने देखे थे। वही आवाज, जिसके बिना उसे रातें अधूरी लगती थीं। आज उसी चेहरे पर उसके लिए कोई जगह नहीं बची थी।
उसने आखिरी बार पूछा—
"सिमरन, क्या तुमने मुझसे कभी प्यार किया था?"
सिमरन ने कोई जवाब नहीं दिया।
मानव ने फिर पूछा—
"एक बार मेरी आँखों में देखकर कह दो कि तुमने मुझसे कभी प्यार नहीं किया। मैं तुम्हें रोकूँगा नहीं। तुम्हारे रास्ते से हमेशा के लिए हट जाऊँगा। बस एक बार सच बोल दो।"
सिमरन ने उसकी तरफ देखा, लेकिन उसके होंठों से कोई शब्द नहीं निकला। मानव की उम्मीद धीरे-धीरे टूटने लगी।
कुछ देर बाद वह उठ खड़ा हुआ।
"ठीक है, सिमरन। मैं तुम्हें रोकूँगा नहीं। प्यार में किसी को बाँधकर नहीं रखा जा सकता।"
वह जाने के लिए मुड़ा, फिर अचानक ठहर गया।
"एक बात कहूँ?"
सिमरन चुप रही।
"तुम्हें जिंदगी में वह सब मिले, जो तुम चाहती हो। तुम्हारा हर सपना पूरा हो। तुम्हारी आँखों में कभी आँसू न आएँ।"
उसकी आवाज भर्रा गई।
"बस कभी अकेले में बैठकर अपने उस पुराने वक्त को याद करना, जब एक गरीब-सा लड़का तुम्हारी छोटी-छोटी खुशियों के लिए अपनी खुशियाँ भूल जाया करता था। हो सकता है तब तुम्हें उसकी मोहब्बत की कीमत समझ आए।"
मानव वहाँ से चला गया। उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा। क्योंकि उसे डर था कि अगर उसने एक बार फिर सिमरन का चेहरा देख लिया, तो शायद उसके कदम दोबारा आगे नहीं बढ़ पाएँगे।
उस दिन मानव ने सिमरन को खो दिया। लेकिन असल में उसने सिर्फ एक लड़की को नहीं खोया था। उसने उस भविष्य को खो दिया था, जिसे वह वर्षों से अपने मन में सँजोकर बैठा था।
सिमरन के जाने के बाद मानव की जिंदगी बदल गई। वह पहले की तरह स्कूल जाता, बच्चों को पढ़ाता, घर पैसे भेजता और जरूरत पड़ने पर परिवार से बात भी करता। बाहर से देखने पर उसकी जिंदगी सामान्य थी। लेकिन उसके भीतर कुछ टूट चुका था। अब वह अक्सर कक्षा में बच्चों को पढ़ाते-पढ़ाते अचानक खामोश हो जाता।
एक दिन कक्षा में एक बच्चे ने पूछा—
"सर, आप ठीक हैं न?"
मानव चौंककर वर्तमान में लौटा।
"हाँ बेटा, मैं ठीक हूँ।"
"लेकिन सर, आपकी आँखों में आँसू क्यों हैं?"
मानव ने जल्दी से अपनी आँखें पोंछ लीं।
"कभी-कभी आँखों में बिना किसी वजह के भी पानी आ जाता है। तुम पढ़ाई पर ध्यान दो।"
बच्चा वापस अपनी किताब देखने लगा।
लेकिन मानव जानता था कि उसकी आँखों में पानी बिना किसी वजह के नहीं आता था। हर रात उसे सिमरन की याद सताती। वह अपने मोबाइल में पुरानी बातचीत पढ़ता। कभी उसकी भेजी हुई तस्वीरें देखता, कभी पुराने संदेश। वही संदेश, जिनमें सिमरन ने लिखा था—
"तुम मेरे लिए बहुत खास हो।"
"मुझे कभी छोड़कर मत जाना।"
"तुमसे बात करके मेरा दिन अच्छा हो जाता है।"
अब वे शब्द उसके दिल पर किसी नुकीले पत्थर की तरह चुभते थे।
एक रात उसने सिमरन का नंबर मिलाया। फोन बजता रहा। कोई जवाब नहीं आया। उसने फिर फोन किया। इस बार कॉल कट गई। मानव ने मोबाइल नीचे रख दिया। उसकी आँखों से आँसू बहने लगे।
वह बिस्तर पर बैठा और अपने आप से बोला—
"मैंने तो बस तुम्हें अपना समझा था, सिमरन। तुम्हें अपनी जिंदगी में जगह दी थी। तुम्हारे लिए सपने देखे थे। क्या किसी से इतना प्यार करना भी गुनाह है?"
कमरे की दीवारों के पास कोई जवाब नहीं था। उस रात भी वह सो नहीं पाया।
समय गुजरता रहा, लेकिन मानव के लिए समय जैसे एक ही जगह ठहर गया था। उसके माता-पिता समझते थे कि नौकरी की जिम्मेदारियों के कारण वह परेशान रहता है। माँ जब भी फोन पर पूछतीं, "बेटा, तू ठीक तो है न?" तो वह हर बार एक ही जवाब देता—
"हाँ माँ, मैं बिल्कुल ठीक हूँ।"
वह अपनी माँ को कैसे बताता कि जिस बेटे की खुशी के लिए उन्होंने जीवन भर संघर्ष किया, वह अब अपनी ही जिंदगी से हारता जा रहा है?
वह अपने पिता को कैसे बताता कि उनकी मेहनत से मिली नौकरी ने तो उसके घर में खुशियाँ लौटा दी थीं, लेकिन उसके अपने दिल का घर उजड़ चुका था?
इसलिए वह चुप रहा। अपना दर्द छिपाता रहा। और धीरे-धीरे एक जिंदा इंसान के भीतर उसकी खुशियाँ दम तोड़ती रहीं।
एक दिन मानव किसी जरूरी काम से अपनी बाइक पर पटना के एक हिस्से से गुजर रहा था। रास्ते में सिमरन का हॉस्टल पड़ता था। उसने दूर से हॉस्टल की इमारत देखी तो उसके हाथ अनायास ही बाइक की रफ्तार धीमी करने लगे। उस इमारत से जुड़ी कितनी यादें थीं! यहीं से सिमरन ने उसे पहली बार फोन किया था। यहीं के सामने से गुजरते हुए वह कभी-कभी उसे लेने आया करता था। यहीं की सड़क पर दोनों साथ चलते हुए अपनी जिंदगी के सपने देखा करते थे।
मानव ने हॉस्टल की ओर देखा। उसके मन में एक छोटी-सी इच्छा जागी। काश, एक बार सिमरन दिखाई दे जाती! वह उससे बात नहीं करता। उसे रोकता नहीं। कोई शिकायत भी नहीं करता। बस दूर से एक बार देख लेता कि वह ठीक है। उसके होंठों पर एक फीकी मुस्कान आई।
"खुश रहना, सिमरन। जहाँ भी रहना, खुश रहना।"
वह आगे बढ़ने ही वाला था कि पीछे से आती एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। धड़ाम! बाइक सड़क पर दूर जा गिरी और मानव उछलकर कुछ दूरी पर जा गिरा। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। कुछ ही पलों में सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
"अरे, कोई एंबुलेंस बुलाओ!"
"भाई, आँखें खोलो!"
"किसी के पास पानी है?"
मानव की आँखें आधी खुली थीं। उसकी साँसें टूट रही थीं। उसे आसपास की आवाजें सुनाई दे रही थीं, लेकिन शरीर में इतनी ताकत नहीं थी कि वह कुछ बोल सके। उसने अपने हाथ हिलाने की कोशिश की। उसके होंठ काँपे। वह कुछ कहना चाहता था।
भीड़ में खड़े एक आदमी ने उसके पास झुककर पूछा—
"भाई, क्या हुआ? कुछ कहना चाहते हो?"
मानव ने बड़ी मुश्किल से अपना हाथ उठाया और उस आदमी की जेब की ओर इशारा किया, जहाँ मोबाइल रखा था।
आदमी ने तुरंत मोबाइल निकाल लिया।
"किसे फोन करना है? घर पर बताना है?"
मानव ने कमजोर हाथ से मोबाइल लेने का इशारा किया। आदमी ने फोन उसके हाथ में दे दिया।
मानव की उँगलियाँ काँप रही थीं। मोबाइल की स्क्रीन धुँधली दिखाई दे रही थी। उसने बड़ी मुश्किल से नंबर मिलाया। वह नंबर उसे अब भी याद था। वह नंबर, जिसे वह कभी बिना देखे मिला लिया करता था। वह नंबर, जिस पर कभी घंटों बातें होती थीं। वह नंबर, जिससे उसकी जिंदगी में प्यार आया था। और आज उसी नंबर पर वह अपनी जिंदगी की आखिरी पुकार भेजने जा रहा था।
फोन बजने लगा। एक बार। दो बार। तीन बार। फिर कॉल उठाई गई।
दूसरी तरफ से वही परिचित आवाज आई—
"कौन?"
मानव की आँखों से आँसू बह निकले। वह बोलना चाहता था। बहुत कुछ कहना चाहता था। कहना चाहता था कि सिमरन, मैं वही मानव हूँ, जिसने तुम्हारे साथ पूरी जिंदगी जीने के सपने देखे थे। मैं वही मानव हूँ, जो तुम्हारी एक मुस्कान के लिए घंटों इंतजार करता था। मैं वही मानव हूँ, जिसने तुम्हारी जरूरतों को अपनी जरूरतों से ऊपर रखा। मैं वही मानव हूँ, जिसने तुम्हें कभी अपने से अलग समझा ही नहीं। लेकिन उसके गले से आवाज नहीं निकली।
दूसरी तरफ से फिर आवाज आई—
"हेलो! कौन बोल रहा है?"
मानव ने अपनी पूरी ताकत जुटाई।
"सि... सिमरन..। "
"कौन? कौन बोल रहा है?"
मानव की साँसें तेज हो रही थीं। उसने काँपते होंठों से कहा—
"मैं... मानव...। "
दूसरी तरफ कुछ पल खामोशी रही।
फिर मानव ने टूटती आवाज में कहा—
"सिमरन... मैं तुम्हारे हॉस्टल के सामने... मेरा एक्सीडेंट हो गया है...। "
वह एक पल रुका। साँस लेने की कोशिश की।
"मैं... शायद... अब नहीं बचूँगा...।"
सिमरन ने जैसे ही ये शब्द सुने, उसके चेहरे का रंग उड़ गया। लेकिन अगले ही पल उसने खुद को सँभालते हुए कहा—
"मानव, प्लीज! मुझे इन बातों में मत उलझाओ। मैं अभी व्यस्त हूँ।"
मानव की आँखें फैल गईं। वह कुछ कहना चाहता था। शायद कहना चाहता था कि वह झूठ नहीं बोल रहा। कि उसे सचमुच उसकी जरूरत है। कि आज उसे न पैसे चाहिए, न कोई वादा, न साथ जीने का सपना। उसे बस एक बार उसकी आवाज के पीछे छिपा हुआ अपनापन चाहिए। वह बस एक बार सुनना चाहता था—
"मानव, तुम कहाँ हो? मैं आ रही हूँ!"
लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।
सिमरन ने कठोर स्वर में कहा—
"मुझे अब फोन मत करना।"
और कॉल काट दी।
मानव के हाथ से मोबाइल छूटकर सड़क पर गिर गया। उसकी आँखें आसमान की ओर उठीं। उसके होंठों पर एक हल्की-सी मुस्कान आई, जिसमें दर्द था, शिकायत थी और शायद एक आखिरी बेबसी भी। उसके मन में बस एक ही सवाल गूँज रहा था—
"सिमरन... क्या मैं सचमुच तुम्हारे लिए इतना अनजान हो गया था?"
उसकी आँखों के सामने बीते दिनों की तस्वीरें घूमने लगीं। वह पहली गलत कॉल। सिमरन की हँसी। नौकरी की बधाई। घंटों की बातचीत। साथ जीने के वादे। और फिर वही लड़की, जिसने उसकी आखिरी पुकार सुनकर भी फोन काट दिया था।
मानव के होंठ एक बार फिर हिले। जैसे वह कोई आखिरी शब्द कहना चाहता हो। लेकिन इस बार आवाज नहीं निकली। उसकी आँखें धीरे-धीरे बंद हो गईं।
सड़क पर खड़े लोग उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे। लेकिन मानव की साँसें थम चुकी थीं। उसके हाथ में अब कोई मोबाइल नहीं था। उसके मन में अब कोई सपना नहीं था। और उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा सवाल बिना जवाब के रह गया था।
कुछ देर बाद ही वहां पुलिस पहुँची। दुर्घटना की जानकारी जुटाई जाने लगी। मानव के परिवार को खबर दी गई।
गाँव में जब यह समाचार पहुँचा, तो उसकी माँ की दुनिया उजड़ गई। जिस बेटे की नौकरी लगने पर उन्होंने भगवान के सामने हाथ जोड़कर धन्यवाद दिया था, वही बेटा आज दुनिया छोड़ चुका था।
पिता की आँखों के सामने अँधेरा छा गया।
किरण रोते हुए बार-बार एक ही बात कह रही थी—
"भैया तो कहते थे कि अब हमारी जिंदगी बदल जाएगी। फिर भैया हमें छोड़कर क्यों चले गए?"
उसके सवाल का जवाब किसी के पास नहीं था।
💔 अंतिम करुण संदेश
मोहब्बत का मतलब सिर्फ किसी को पा लेना नहीं, बल्कि उसकी भावनाओं की कद्र करना भी है। किसी को अपने जीवन से दूर जाने का अधिकार जरूर है, लेकिन किसी के सच्चे प्यार और विश्वास को अपनी जरूरतों के लिए इस्तेमाल करना कहाँ तक उचित है?
हर इंसान को अपना जीवनसाथी चुनने और अपनी जिंदगी के सपने पूरे करने का अधिकार है। लेकिन इस अधिकार के साथ दूसरों की भावनाओं के प्रति संवेदनशील होना भी जरूरी है। क्योंकि किसी का दिल तोड़कर आगे बढ़ जाना आसान हो सकता है, मगर उस टूटे हुए दिल की पीड़ा को समझना हर किसी के बस की बात नहीं।
मानव ने सिमरन से दौलत नहीं माँगी थी। उसने बस उसका साथ चाहा था। वह उसके साथ मिलकर एक छोटी-सी दुनिया बसाना चाहता था, जहाँ प्यार हो, विश्वास हो और अपनों का अपनापन हो। लेकिन उसकी मोहब्बत को वह मंजिल नहीं मिली, जिसका उसने सपना देखा था।
सबसे बड़ा दर्द किसी का जिंदगी से चले जाना नहीं, बल्कि उस इंसान के लिए अजनबी बन जाना है, जिसके बिना कभी जिंदगी अधूरी लगती थी।
आखिर में एक सवाल हमारे सामने भी खड़ा रह जाता है—
क्या प्यार सचमुच दौलत से छोटा हो गया है, या हम ही प्यार की असली कीमत भूलते जा रहे हैं?
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दें। आपका कॉमेंट हमें बेहतर लिखने की प्रेरणा देता है।