आत्मा का मिलन | एक मार्मिक प्रेम कहानी जो दिल छू लेगी | कुमार सरोज | किशोरवाणी |
कभी-कभी जिंदगी दो प्रेमियों को इस तरह जुदा करती है कि उनके पास एक-दूसरे की यादों के सिवा कुछ नहीं बचता। मगर क्या हो, जब मौत भी उनके प्रेम को खत्म न कर सके?
किसन और नीशू एक-दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करते थे। दोनों ने साथ जीने के सपने देखे थे। एक छोटा-सा घर, आंगन में तुलसी का पौधा और शाम को एक-दूसरे के साथ बैठकर जिंदगी की बातें करने का सपना, मगर उनके सपनों से बड़ी थी इस देश की व्यवस्था की लापरवाही।
एक की जिंदगी कुंभ मेले की भगदड़ में खत्म हो गई, तो दूसरी की कॉलेज हॉस्टल की इमारत गिरने से। दोनों की मौत हो गई, मगर उनके प्रेम की कहानी अधूरी रह गई।
पढ़िए एक अनोखी और मार्मिक प्रेम कहानी—
“आत्मा का मिलन”
जहां प्रेम देह से परे है, मगर इंसान की जिंदगी और व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल छोड़ जाता है।
आत्मा का मिलन
✍️ कुमार सरोज
नीला अंबर आज कुछ ज्यादा ही उदास था। बादलों की सफेद चादर के बीच सूरज की किरणें बिखरी हुई थीं, मगर उनमें वह गर्माहट नहीं थी, जो धरती पर किसी प्रेमी के चेहरे पर मुस्कान ला सके। हवा चल रही थी, लेकिन उसमें फूलों की खुशबू नहीं थी। वह बस एक अनजानी बेचैनी लेकर इधर-उधर भटक रही थी।
उसी अंबर में एक आत्मा विचरण कर रही थी।
उसका नाम था—किसन।
सात महीने पहले तक वह बिहार के एक छोटे-से गांव में रहने वाला एक साधारण युवक था। आंखों में सपने थे, दिल में प्रेम था और भविष्य के लिए हजारों उम्मीदें थीं।
मगर अब उसके पास न घर था, न गांव, न कोई देह। बस एक आत्मा थी, जो कभी-कभी अपने बीते दिनों की गलियों में भटकती रहती थी।
कभी उसे अपनी मां की आवाज सुनाई देती—
“किसन, खाना ठंडा हो रहा है रे!”
कभी पिता की डांट—
“बेटा, जिंदगी में कुछ बनना है तो मेहनत कर!”
और कभी नीशू की हंसी…
वही हंसी, जिसके लिए किसन ने जाने कितनी शामें कॉलेज के पीछे वाले पीपल के पेड़ के नीचे गुजारी थीं।
नीशू।
उसका नाम आते ही किसन की आत्मा में जैसे कोई भूला हुआ दीपक जल उठता था।
वह अक्सर अंबर में अकेले घूमते हुए सोचता—
“क्या नीशू मुझे याद करती होगी?”
“क्या उसने मुझे भुला दिया होगा?”
“क्या वह कभी मेरे गांव गई होगी?”
उसे क्या पता था कि आज उसके सारे सवालों का जवाब मिलने वाला है। अचानक सामने एक हल्की-सी चमक दिखाई दी। पहले वह चमक धुंधली थी। फिर धीरे-धीरे एक आकृति में बदलने लगी।
किसन की आत्मा ठिठक गई। वह चेहरा…।वह आंखें…। वह मुस्कान…। किसन के भीतर जैसे सात महीने से रुका हुआ कोई सैलाब अचानक उमड़ पड़ा।
“नीशू…!”
उसकी आवाज अंबर में गूंज उठी।
सामने खड़ी आत्मा ने पलटकर देखा। दोनों की नजरें मिलीं।
और उस क्षण…। नीला अंबर जैसे थम गया। हवा रुक गई। बादल स्थिर हो गए।
दो आत्माएं, जो धरती पर एक-दूसरे से बिछड़ गई थीं, आज मृत्यु के बाद आमने-सामने खड़ी थीं।
“किसन…?”
नीशू की आवाज कांप रही थी।
“हां नीशू… मैं ही हूं।”
कुछ क्षण दोनों एक-दूसरे को देखते रहे।
फिर नीशू ने धीमे से पूछा—
“तुम यहां…?”
किसन मुस्कुराने की कोशिश करते हुए बोला—
“मैं तो पिछले सात महीने से यहीं हूं। तुम कब आई?”
“दो दिन पहले…। ”
“दो दिन पहले?”
“हां।”
किसन की आत्मा में एक अजीब-सी बेचैनी उठी।
“तुम… यहां कैसे पहुंची?”
नीशू ने अंबर की ओर देखा। उसकी आंखों में आंसू थे।
“मेरे कॉलेज के हॉस्टल की बिल्डिंग गिर गई थी, किसन। मैं उसी में दबकर मर गई।”
किसन कुछ क्षण चुप रहा।
फिर उसने बहुत धीमे स्वर में कहा—
“कैसी व्यवस्था है हमारे देश की, नीशू… लोग जिंदगी जीते-जी मर रहे हैं और मरने के बाद भी किसी को उनकी खबर नहीं होती।”
नीशू ने उसकी ओर देखा।
“तुम्हारे साथ क्या हुआ था?”
किसन की आत्मा जैसे फिर उसी अंधेरी रात में लौट गई।
“तुम्हें तो पता ही था कि मैं कुंभ मेले में गया था।”
“हां, मुझे याद है। तुमने कहा था कि लौटकर मुझे संगम की तस्वीरें दिखाओगे।”
किसन की आंखों में हल्की मुस्कान आई।
“तुम्हारे लिए गंगाजल भी लाने वाला था।”
“फिर?”
“फिर मेले में भगदड़ मच गई।”
नीशू चुपचाप सुनती रही।
“चारों तरफ चीख-पुकार थी। लोग एक-दूसरे को बचाने की कोशिश कर रहे थे। मैं भीड़ में दबकर बेहोश हो गया। उसके बाद क्या हुआ, मुझे नहीं मालूम। जब आंख खुली… तो मैं यहां था।”
“तुम्हें किसी ने बचाया नहीं?”
“शायद किसी ने कोशिश की होगी। शायद किसी ने मेरा नाम भी पूछा होगा। मगर नीशू… जब किसी इंसान की पहचान ही खो जाए, तो उसकी मौत का हिसाब कौन रखता है?”
❤️📖 अब आप नीचे दिये गए QR Code को स्कैन करके भी कहानी पढ़ सकते हैं -
नीशू की आंखों से आंसू बह निकले।
“मैं तुम्हें बहुत ढूंढी, किसन।”
किसन ने उसकी ओर देखा।
“ मैं तुम्हारे घर भी गई थी। तुम्हारे मां-बाबूजी को तुम्हारे बारे में कुछ पता नहीं था। कोई कहता था तुम मेले में लापता हो गए। कोई कहता था शायद किसी अस्पताल में हो। मैं दिन-रात तुम्हारे लिए रोती रहती थी।”
वह थोड़ी देर रुकी।
“फिर मैंने खुद को समझाया कि शायद तुम लौट आओगे। कॉलेज की पढ़ाई दोबारा शुरू की। सोचा, जिंदगी को किसी तरह आगे बढ़ाना होगा।”
उसकी आवाज टूट गई।
“मगर जिंदगी ने मुझे भी आगे नहीं बढ़ने दिया।”
किसन ने अंबर की ओर देखा।
“हम दोनों को अपनी-अपनी मौत की खबर भी ठीक से नहीं मिली, नीशू।”
नीशू ने दर्द भरी हंसी हंसते हुए कहा—
“हम प्रेमी थे न… शायद इसलिए हमारी खबर भी अधूरी रह गई।”
किसन ने सिर झुका लिया।
कुछ देर तक दोनों के बीच खामोशी पसरी रही।
फिर नीशू ने कहा—
“तुम्हें पता है, मैं तुम्हारे घर से लौटकर बहुत रोई थी।”
“क्यों?”
“क्योंकि वहां तुम्हारी मां तुम्हारा इंतजार कर रही थीं। उन्हें लगता था कि उनका बेटा कहीं से भी लौट सकता है।”
किसन की आत्मा कांप उठी।
“मेरी मां…। ”
“हां। तुम्हारे पिता दरवाजे की ओर देखते रहते थे। जैसे किसी भी क्षण तुम आवाज लगाकर कह दोगे—‘बाबूजी, मैं आ गया।’”
किसन ने अपनी आंखें बंद कर लीं।
“इंसान मर जाता है, नीशू, मगर उसके घर का इंतजार नहीं मरता।”
नीशू ने चारों ओर देखा।
“किसन, हम कहां हैं?”
“क्या मतलब?”
“स्वर्ग में हैं या नरक में?”
किसन हल्का-सा मुस्कुराया।
“मुझे नहीं पता।”
“तुम सात महीने से यहां हो और तुम्हें इतना भी नहीं पता?”
“मैंने बहुत कोशिश की जानने की।”
“फिर?”
“किसी ने कुछ नहीं बताया।”
नीशू ने अंबर की ओर देखा।
“यह जगह बहुत अजीब है।”
“हां।”
“न यहां कोई घर है, न रास्ते, न पेड़, न नदी। बस आसमान ही आसमान।”
किसन ने कहा—
“शायद हम स्वर्ग लोक में नहीं हैं, नीशू। शायद नरक लोक में भी नहीं।”
“तो फिर?”
“शायद हम उन लोगों की आत्माएं हैं, जिन्हें धरती की व्यवस्था ने समय से पहले यहां भेज दिया।”
📖✨ किशोरवाणी WhatsApp चैनल से जुड़िए ❤️
नीशू कुछ देर तक उसे देखती रही।
फिर उसकी आंखों में एक अजीब चमक आई।
“किसन…। ”
“हां?”
“ऐसी व्यवस्था बनाने वालों के लिए यहां कोई व्यवस्था नहीं है?”
किसन चुप रहा।
नीशू ने फिर पूछा—
“जो लोग लापरवाही करते है, जो लोगों की जिंदगी से खेलते हैं, जो मौत के बाद भी लोगों के नाम तक भूल जाते हैं, क्या उन्हें भी कभी जवाब देना पड़ता है?”
किसन ने गहरी सांस ली।
“हां, नीशू। जवाब देना पड़ता है।”
“कहां?”
“जहां इंसान अपने कर्मों से भाग नहीं सकता।”
नीशू ने अंबर की ओर देखा।
“नरक?”
“शायद।”
फिर दोनों चुप हो गए। उनकी खामोशी में प्रेम भी था और उस व्यवस्था के प्रति आक्रोश भी, जिसने उन्हें असमय एक-दूसरे से छीन लिया था।
कुछ देर बाद नीशू ने धीरे से कहा—
“किसन…। ”
“हां?”
“मैं तुम्हें एक बात कहूं?”
“कहो।”
“मैं बहुत खुश हूं।”
किसन ने उसे देखा।
“खुश?”
“हां। तुम्हें सामने देखकर।”
उसकी आंखों में आंसू थे, मगर होंठ मुस्कुरा रहे थे।
“मैंने सोचा था कि तुम कभी नहीं मिलोगे। मैं तुम्हें ढूंढते-ढूंढते थक गई थी। मगर आज तुम सामने हो।”
किसन की आत्मा में जैसे कोई भूली हुई धुन बज उठी।
“मैं भी बहुत खुश हूं, नीशू।”
“सच?”
“हां। मैं तो हर दिन तुम्हें याद करता था।”
“तुम्हें पता है, मैं तुम्हारे बारे में क्या सोचती थी?”
“क्या?”
“कि तुम लौटोगे। किसी दिन अचानक हमारे कॉलेज के गेट पर खड़े होकर कहोगे—‘नीशू, चलो, आज तुम्हें अपने गांव ले चलता हूं।’”
किसन हंस पड़ा।
“और तुम कहतीं—‘पहले अपनी मां से पूछकर आओ।’”
नीशू भी हंसने लगी।
दोनों की हंसी अंबर में फैल गई। कितने दिनों बाद, शायद मृत्यु के बाद पहली बार।
नीशू ने धीरे से अपने हाथ फैलाए।
“किसन…। ”
“हां?”
“मैं तुम्हें गले लगाना चाहती हूं।”
किसन की आत्मा जैसे एक पल को ठहर गई।
नीशू उसकी ओर बढ़ी। उसने किसन को बाहों में भरने की कोशिश की। मगर उसके हाथ किसन के आर-पार निकल गए।
नीशू चौंक गई।
“किसन…?”
किसन ने उसकी ओर देखा।
“क्या हुआ?”
“मैं… मैं तुम्हें छू क्यों नहीं पा रही हूं?”
किसन चुप रहा।
नीशू ने फिर कोशिश की। इस बार भी उसके हाथ हवा में ही रह गए।
“किसन, मैं तुम्हें गले क्यों नहीं लगा पा रही हूं?”
किसन की आवाज धीमी थी।
“क्योंकि हम दोनों आत्माएं हैं, नीशू।”
“तो?”
“आत्मा बिना देह के किसी को स्पर्श नहीं कर सकती।”
नीशू ने अपने हाथों को देखा। फिर किसन को।
“मतलब… हम मिल तो गए, मगर तुम्हें छू नहीं सकते?”
“शायद यही हमारी नियति है।”
नीशू की आंखों में आंसू भर आए।
“नहीं, किसन।”
“क्या हुआ?”
“यह नियति नहीं है।”
“तो क्या है?”
नीशू की आवाज में दर्द था।
“यह उस व्यवस्था का परिणाम है, जिसने हमें असमय मार दिया।”
किसन चुप रहा।
नीशू ने कहा—
“अगर हम समय पर मरते, अगर हम अपनी जिंदगी पूरी जीते, अगर तुम मुझे अपने घर ले जाते, अगर हम दोनों साथ बूढ़े होते, तो क्या आज मुझे तुम्हें छूने के लिए तरसना पड़ता?”
किसन ने सिर झुका लिया।
“नहीं।”
“तो फिर यह नियति कैसे हुई?”
किसन के पास कोई उत्तर नहीं था।
नीशू धीरे-धीरे किसन के पास आकर बैठ गई। हालांकि वहां न जमीन थी, न कोई आसन। फिर भी दोनों ऐसे बैठे थे, जैसे किसी गांव के पुराने पीपल के पेड़ के नीचे बैठे हों।
नीशू ने कहा—
“किसन, तुम्हें याद है, तुमने मुझसे क्या कहा था?”
“क्या?”
“तुमने कहा था कि एक दिन तुम मुझे अपने घर ले जाओगे।”
किसन मुस्कुराया।
“हां।”
“तुम्हारी मां मुझे आरती उतारकर घर में बुलाएंगी।”
“हां।”
“तुम्हारे पिता कहेंगे—‘बेटी, इस घर को अपना घर समझना।’”
“हां।”
“और तुम…। ”
“मैं क्या?”
“तुम चुपचाप खड़े रहोगे। जैसे तुम्हें कुछ पता ही नहीं।”
किसन हंस पड़ा।
“तुम्हें मेरे बारे में इतना सब कैसे पता था?”
“क्योंकि मैं तुम्हें प्रेम करती थी।”
किसन ने उसकी ओर देखा।
नीशू की आवाज अब बहुत धीमी हो गई थी।
“मगर किसन… अब हमारे पास घर नहीं है। देह नहीं है। भविष्य नहीं है।”
“है न…। ”
“क्या?”
“हमारे पास प्रेम है।”
नीशू ने उसकी ओर देखा।
“प्रेम?”
“हां।”
“लेकिन प्रेम का क्या फायदा, किसन?”
“क्या मतलब?”
“जिस प्रेम में मैं तुम्हें गले भी नहीं लगा सकती। तुम्हारे कंधे पर सिर रखकर रो नहीं सकती । तुम्हारा हाथ पकड़कर चल नहीं सकती। वह प्रेम कैसा?”
किसन की आत्मा में दर्द की लहर दौड़ गई।
नीशू की आंखों से आंसू बह रहे थे।
“मैं चाहती हूं कि तुम मुझे छुओ। मैं चाहती हूं कि तुम मेरे सिर पर हाथ रखो। मैं चाहती हूं कि मैं तुम्हारी गोद में सिर रखकर सो जाऊं।”
किसन ने उसे देखा।
“नीशू…। "
“मैं जानती हूं, अब कुछ नहीं हो सकता। मगर दिल है कि मानता नहीं।”
किसन कुछ देर चुप रहा।
फिर बोला—
“तुम सही कह रही हो।”
“क्या?”
“प्रेम केवल यादों का नाम नहीं है। प्रेम में साथ चाहिए। स्पर्श चाहिए। किसी का हाथ थामकर यह महसूस करना चाहिए कि दुनिया में कोई अपना है।”
नीशू ने आंसू पोंछे।
“फिर हम दोनों का प्रेम अधूरा रह गया?”
किसन ने उसकी ओर देखा।
“हमारा प्रेम अधूरा नहीं था, नीशू। हमारी जिंदगी अधूरी रह गई।”
नीशू की आंखों से फिर आंसू बह निकले।
नीशू ने कुछ देर बाद पूछा—
“किसन…। "
“हां?”
“क्या हम फिर जन्म ले सकते हैं?”
किसन ने अंबर की ओर देखा।
“शायद।”
“कहां?”
“धरती पर।”
नीशू की आंखों में उम्मीद की एक हल्की किरण चमकी।
“फिर हम मिलेंगे?”
“कौन जानता है?”
“तुम्हें मुझ पर भरोसा नहीं?”
“खुद पर है। मगर जिंदगी पर नहीं।”
नीशू चुप हो गई।
किसन ने कहा—
“अगर फिर जन्म हुआ, तो मैं तुम्हें ढूंढूंगा।”
“और अगर मैं तुम्हें न पहचान पाई?”
“तो मैं तुम्हें फिर से प्रेम करना सिखाऊंगा।”
नीशू मुस्कुराई।
“और अगर तुम मुझे पहचान न पाए?”
“तो तुम मुझे फिर से प्रेम करना सिखा देना।”
दोनों कुछ देर तक एक-दूसरे को देखते रहे।
नीशू ने कहा—
“मगर किसन, अगर हम फिर उसी दुनिया में गए, जहां लोग लापरवाही से मरते हैं, जहां गरीब की आवाज दब जाती है, जहां किसी की मौत भी राजनीति बन जाती है… तो?”
किसन ने धीमे स्वर में कहा—
“तो हम इस बार केवल प्रेम नहीं करेंगे।”
“फिर क्या करेंगे?”
“जिंदा रहकर लड़ेंगे।”
नीशू ने उसकी ओर देखा।
“किसके लिए?”
“उन लोगों के लिए, जिनकी जिंदगी हमारी तरह अधूरी कर दी जाती है।”
नीशू के चेहरे पर एक हल्की मुस्कान आई।
“तुम सच में बदल गए हो, किसन।”
“मौत इंसान को बहुत कुछ सिखा देती है।”
“और प्रेम?”
किसन ने कहा—
“प्रेम इंसान को बदल देता है।”
कुछ देर बाद नीशू ने अंबर की ओर देखा।
“किसन…। ”
“हां?”
“मैं यहां नहीं रहना चाहती।”
“कहां जाना चाहती हो?”
“तुम्हारे पास।”
किसन मुस्कुराया।
“मैं तो यहीं हूं।”
“नहीं। मैं तुम्हारे और करीब रहना चाहती हूं।”
“नीशू…। ”
“मैं तुम्हारा हाथ पकड़ना चाहती हूं। तुम्हारी गोद में सिर रखकर सोना चाहती हूं। तुम्हारे साथ चलना चाहती हूं। तुम्हारे साथ हंसना चाहती हूं।”
किसन ने धीमे स्वर में कहा—
“उसके लिए हमें फिर से मनुष्य योनि में जन्म लेना होगा।”
“और अगर जन्म न हुआ?”
“तो?”
“तो क्या हम ऐसे ही भटकते रहेंगे?”
किसन ने अंबर की ओर देखा।
“शायद।”
नीशू ने कुछ देर तक सोचा।
फिर पूछा—
“किसन, पृथ्वी लोक के अलावा कोई दूसरा लोक नहीं है?”
“शायद नहीं।”
“फिर यही ठीक है।”
“क्या?”
“कम से कम दूर से ही सही, तुम्हें देख तो सकती हूं। तुमसे बातें तो कर सकती हूं।”
किसन ने उसकी ओर देखा।
“नीशू…। ”
“हां?”
“तुम्हें अब डर नहीं लगता?”
“किस बात का?”
“अकेले भटकने का।”
नीशू मुस्कुराई।
“अब तुम जो मिल गए हो।”
किसन की आत्मा में जैसे कोई फूल खिल उठा।
दोनों धीरे-धीरे अंबर में आगे बढ़ने लगे। न उनके कदमों की आहट थी, न रास्ते का कोई निशान। फिर भी दोनों साथ थे। और शायद यही प्रेम था।
💔 मासूम संदेश
किसन और नीशू की आत्माएं आज मिल गई थीं। मगर उनके मिलने की खुशी में भी एक दर्द छिपा था। कभी जिस प्रेम को घर-आंगन में सजाने की इच्छा थी, आज वही प्रेम नीले अंबर में भटक रहा था।
और इस पूरी कहानी का सबसे बड़ा सवाल यही है—
क्या किसी इंसान की मौत को केवल एक हादसा कहकर भुला देना काफी है?
नहीं।
हर मौत के पीछे एक परिवार होता है। किसी मां की आंखों का इंतजार होता है। किसी पिता का टूटता हुआ सपना होता है। किसी प्रेमिका की अधूरी जिंदगी होती है।
व्यवस्था की लापरवाही जब किसी इंसान की जिंदगी छीनती है, तो वह केवल एक व्यक्ति को नहीं मारती—कई जिंदगियों को उम्र भर के लिए अधूरा कर देती है।
📚 यह कहानी भी आपको पसंद आ सकती है -
💔 लव स्टोरी ऑफ जंतर मंतर — हादसा से शुरू हुई एक बहुत ही मार्मिक प्रेम कहानी है जिसमें मुलाकात के साथ ही प्रेम तो हो गया मगर तुरंत जुदा भी हो गए।
क्या दोनों प्रेमी मिल पायेंगे दुबारा ?
जानने के लिए नीचे दिए गए शीर्षक पर क्लिक करके पूरी कहानी पढ़िए -
❤️ किशोरवाणी को आपका समर्थन
हमारी कहानियों को पढ़ने के लिए आपका प्यार ही हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है।
यदि आपको हमारी कोई कहानी पसंद आई हो और आप किशोरवाणी के साहित्यिक कार्य को आगे बढ़ाने में स्वेच्छा से योगदान करना चाहते हैं, तो आप अपनी इच्छा अनुसार योगदान कर सकते हैं।
आपका छोटा-सा योगदान हमें नई कहानियाँ लिखने और प्रकाशित करने की प्रेरणा देगा।
🙏 धन्यवाद — किशोरवाणी परिवार
❤️ अगर यह कहानी आपके दिल को छू गई हो...
👉 किशोरवाणी को फॉलो करें, जहाँ हर सप्ताह ऐसी ही भावनात्मक, प्रेरणादायक और सामाजिक कहानियाँ प्रकाशित होती हैं।
💬 नीचे कमेंट करके ज़रूर बताइए कि कहानी का कौन-सा हिस्सा आपको सबसे ज़्यादा पसंद आया।
📲 इस कहानी को अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें, क्योंकि शायद किसी एक व्यक्ति तक यह संदेश पहुँचना ज़रूरी हो।
📖 आपकी एक टिप्पणी और एक शेयर हमें बेहतर कहानियाँ लिखने की प्रेरणा देता है।
धन्यवाद ❤️
कुमार सरोज जी, आपका यह कहानी बहुत अच्छा है। इसमें प्रेम, मृत्यु, सामाजिक व्यवस्था और राजनीतिक व्यंग्य—चारों का सुंदर मेल है। सबसे बड़ी बात यह है कि आपने प्रेम-कहानी को केवल प्रेमियों के मिलन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे एक सामाजिक सवाल बना दिया है। मेरे हिसाब से यह आपकी एक दमदार कहानी है।
जवाब देंहटाएंजी बहुत बहुत धन्यवाद
हटाएं