खामोश मोहब्बत / Khamosh Mohabbat | सच्चे प्यार की कहानी | कुमार सरोज | किशोरवाणी |
कुछ मोहब्बतें पहली नजर में होती हैं, कुछ पहली मुलाकात में... और कुछ ऐसी होती हैं, जिनमें एक भी शब्द बोले बिना दो दिल एक-दूसरे को अपना मान लेते हैं।
जहानाबाद की गलियों में रहने वाली कोयल बोल नहीं सकती थी। उसकी मां ने उसका नाम उस पक्षी के नाम पर रखा था, जिसकी आवाज सुबह की खामोशी को भी मधुर बना देती है। मगर किस्मत ने कोयल के होंठों से आवाज छीन ली थी।
फिर एक दिन उसकी मुलाकात रमन से हुई—एक ऐसे युवक से, जिसकी जुबान भी खामोश थी।
दोनों एक-दूसरे की सच्चाई से अनजान थे। मगर जब सच सामने आया, तब भी उनका प्रेम कम नहीं हुआ। क्योंकि उन्हें एहसास हो चुका था कि मोहब्बत के लिए आवाज की जरूरत नहीं होती... जरूरत होती है ऐसे दिल की, जो बिना कहे भी सामने वाले की हर बात समझ सके।
लेकिन इस प्रेम के रास्ते में सबसे बड़ी दीवार थी—कोयल की मां गायत्री।
क्या एक मां अपनी बेटी के प्रेम को स्वीकार कर पाएगी?
क्या समाज की सोच के सामने दो खामोश दिल अपनी दुनिया बसा पाएंगे?
या फिर उनकी मोहब्बत भी उन अनकहे शब्दों की तरह खामोश रह जाएगी, जिन्हें कभी कोई सुन नहीं पाया?
आइए पढ़ते हैं एक ऐसी प्रेम कहानी, जिसमें जुबां खामोश है... मगर दिलों की आवाज बहुत दूर तक सुनाई देती है।
🌸 खामोश मोहब्बत 🌸
✍️ कुमार सरोज
जहानाबाद शहर की पुरानी अदालत के ठीक बगल में एक छोटी-सी चाय की दुकान थी। दुकान छोटी थी, मगर उसके सामने से गुजरने वाले हर आदमी के लिए वह जैसे किसी पुराने परिचित का घर थी। सुबह अदालत के बाबू से लेकर रिक्शावाले तक वहाँ चाय पीते और शाम को वकीलों के मुंशी वहीं बैठकर दिनभर की बातें करते।
उस दुकान को चलाती थी—गायत्री। उम्र ने उसके बालों में सफेदी उतार दी थी, मगर चेहरे पर संघर्ष की चमक अब भी बाकी थी।
दुकान के पीछे टीन की छत वाला एक छोटा-सा घर था। उसी घर में उसकी दुनिया बसती थी—उसकी इकलौती बेटी कोयल। बीस साल की कोयल। नाम उसकी मां ने बड़े प्यार से रखा था।
जब वह पैदा हुई थी, तब गायत्री ने उसे सीने से लगाकर कहा था—
“मेरी बेटी कोयल जैसी होगी, उसकी आवाज सुनकर पूरा आंगन महक उठेगा।”
लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था।
कोयल बोल नहीं सकती थी।
गायत्री ने यह सच स्वीकार तो कर लिया था, मगर कभी अपनी बेटी को अभागी नहीं माना।
वह अक्सर उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहती—
“तू बोल नहीं सकती बेटी, लेकिन तेरी आंखें बहुत कुछ कहती हैं।”
कोयल मुस्कुरा देती। उसकी मुस्कान ही उसका जवाब थी।
गायत्री की जिंदगी आसान नहीं थी। जब कोयल सिर्फ एक साल की थी, तभी उसके पति मदन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।
उस दिन के बाद गायत्री ने अपनी बेटी को गोद में उठाया और खुद से एक वादा किया था—
“अब मेरी जिंदगी का एक ही मकसद है—मेरी बेटी।”
उसने चाय और समोसे की छोटी-सी दुकान शुरू की। सुबह वह चूल्हा जलाती और कोयल आटा गूंधती। गायत्री समोसे बनाती और कोयल उन्हें तलती। कभी-कभी दोनों की आंखें मिलतीं और बिना कुछ कहे दोनों मुस्कुरा देतीं। उनकी गरीबी में भी एक अजीब-सी अमीरी थी। एक-दूसरे का साथ।
लेकिन अब गायत्री की एक चिंता दिन-रात उसे परेशान करने लगी थी। कोयल की शादी।
एक दिन दुकान बंद करने के बाद गायत्री ने धीरे से कहा—
“बेटी... अब तेरी शादी के बारे में भी सोचना चाहिए।”
कोयल ने उसकी तरफ देखा।
गायत्री ने उसकी हथेली अपने हाथ में लेते हुए कहा—
“मैं चाहती हूं तुझे ऐसा घर मिले जहां कोई तुझे तेरी कमी से नहीं, तेरे दिल से पहचाने।”
कोयल की आंखों में हल्की चमक आई।
मगर वह चमक ज्यादा देर नहीं रही। पिछले एक साल में कई रिश्ते आए थे। किसी लड़के को बोलने में परेशानी थी, कोई सुन नहीं सकता था, किसी की शारीरिक स्थिति ठीक नहीं थी। गायत्री हर बार रिश्ता ठुकरा देती।
लोग उसे समझाते—
“बहन, तुम्हारी बेटी भी तो...। ”
गायत्री तुरंत बात काट देती—
“मेरी बेटी में कमी नहीं है। उसकी आवाज नहीं है। दोनों बातों में बहुत फर्क है।”
लोग चुप हो जाते।
मगर समाज चुप कहां होता है ? पीछे से बातें फिर भी होतीं।
एक दिन कोयल बाजार से सामान खरीदने निकली। हाथ में छोटी-सी थैली थी।
सड़क पर ऑटो की कतार लगी थी। एक ऑटो उसके सामने आकर रुका।
ड्राइवर ने मुस्कुराकर इशारे से पूछा—
“कहां जाना है ?”
कोयल ने हाथ के इशारे से बाजार का नाम बताया।
ड्राइवर ने सिर हिलाकर बैठने का इशारा किया।
वह ऑटो में बैठ गई।
ड्राइवर का नाम था—रमन। करीब पच्चीस साल का रमन। चेहरे पर हमेशा मुस्कान रहती थी। वह हमेशा बन ठनकर रहता था। और साफ कपड़े पहनता था।
रमन संगीत का शौकीन था। वह अपने ऑटो में एक म्यूजिक प्लेयर लगाए हुए था। उस समय भी ऑटो में धीमा संगीत बज रहा था।
कोयल ने संगीत की तरफ देखा।
रमन ने शीशे में उसकी नजर पकड़ ली और मुस्कुराकर गाने की आवाज थोड़ी बढ़ा दी।
कोयल के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई।
यह उनकी पहली मुलाकात थी।
और शायद किस्मत की पहली दस्तक भी।
उस दिन के बाद जैसे संयोग बार-बार कोयल को उसी रास्ते पर ले जाने लगा। कभी बाजार जाते हुए वही ऑटो मिल जाता। कभी अदालत के पास से गुजरते हुए रमन दिख जाता।
एक दिन रमन ने उसे देखते ही मुस्कुराकर हाथ हिलाया।
कोयल भी मुस्कुरा दी।
रमन ने इशारे से पूछा—
“आज बाजार ?”
कोयल ने सिर हिलाया।
रमन ने मजाक में हाथ जोड़कर इशारे में कहा—
“आइए, आपकी सेवा में ऑटो हाजिर है।”
कोयल हंस पड़ी। उसकी हंसी में आवाज नहीं थी, मगर उस दिन पहली बार रमन को लगा कि उसने दुनिया की सबसे सुंदर हंसी सुनी है।
धीरे-धीरे मुलाकातें बढ़ने लगीं।
एक दिन बारिश अचानक तेज हो गई। कोयल सड़क किनारे खड़ी थी। वह बारिश में भींग रही थी।
तभी वहाँ से गुजरता हुआ रमन कोयल को देख लिया। उसने ऑटो रोक दिया।
रमन झट ऑटो में रखा अपना छाता लेकर उसके पास पहुंचा और उसे ऑटो तक ले आया।
कोयल ने हाथ जोड़कर धन्यवाद कहा।
रमन ने सिर हिलाया।
फिर जेब से कागज निकाला और उस पर कुछ लिखा।
कागज कोयल की ओर बढ़ाते हुए उसने मुस्कुराकर कहा—
“बारिश में अकेले मत भीगा करो।”
कोयल ने पढ़ा और पहली बार उसकी आंखों में कुछ देर तक देखती रही।
फिर उसने उसी कागज के नीचे लिखा—
“आप भी।”
रमन ने पढ़ा।
कुछ पल दोनों एक-दूसरे को देखते रहे। फिर दोनों मुस्कुरा दिए।
उस दिन बारिश बहुत देर तक होती रही। लेकिन शायद उससे ज्यादा देर तक दो दिलों में कुछ और बरसता रहा।
एक शाम रमन ने ऑटो सड़क किनारे रोक दिया। उसने कोयल की तरफ देखा। वह कुछ कहना चाहता था। लेकिन शब्द उसके पास थे ही नहीं। उसने धीरे से अपनी गर्दन की ओर इशारा किया और फिर हाथ से संकेत किया कि वह बोल नहीं सकता।
कोयल कुछ क्षण उसे देखती रही। फिर उसके चेहरे पर एक हल्की मुस्कान आई।
उसने अपने गले की ओर इशारा किया।
रमन समझ गया। वह भी बोल नहीं सकती थी।
दोनों कुछ देर चुप बैठे रहे।
फिर रमन ने कागज पर लिखा—
“तुम पहले से जानती थीं?”
कोयल ने सिर हिलाकर ना कहा।
रमन ने लिखा—
“मैं भी नहीं जानता था।”
कोयल मुस्कुराई।
रमन ने फिर लिखा—
“तो फिर हम दोनों एक जैसे निकले।”
कोयल ने कागज लिया और लिखा—
“शायद इसलिए समझना आसान है।”
रमन की आंखें भर आईं। उसने पहली बार महसूस किया कि दुनिया में कोई ऐसा भी है जिसे अपनी खामोशी समझाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उस दिन दोनों के बीच कोई वादा नहीं हुआ। कोई बड़ी बात नहीं हुई। बस दो खामोश दिलों ने एक-दूसरे को अपना मान लिया।
अब रमन के ऑटो में संगीत पहले से ज्यादा बजने लगा था। वह अक्सर कोयल को देखकर कागज पर छोटी-छोटी बातें लिखता।
“आज तुम उदास क्यों हो?”
कोयल जवाब देती—
“आपको कैसे पता?”
रमन लिखता—
“तुम्हारी आंखें बता देती हैं।”
कोयल लिखती—
“और तुम्हारी?”
रमन मुस्कुराकर लिखता—
“मेरी आंखें तो तुम्हें देखकर ही खुश होती हैं।”
कोयल पढ़कर शर्म से आंखें झुका लेती।
उनका प्रेम किसी शोर का मोहताज नहीं था।
न कोई लंबे फोन कॉल।
न कोई मीठी आवाज।
न कोई प्रेम का इजहार।
बस आंखें थीं।
मुस्कान थी।
कागज के कुछ छोटे-छोटे टुकड़े थे।
और एक-दूसरे की खामोशी को समझने वाला दिल था।
एक शाम कोयल ने हिम्मत करके अपनी मां को रमन के बारे में बताया। उसने कागज पर रमन का नाम लिखा।
गायत्री ने पढ़ा।
फिर पूछा—
“कौन है ?”
कोयल ने रमन का नाम दोबारा लिखा। उसने बताया कि वह ऑटो चलाता है। फिर उसने धीरे से अपनी मां की तरफ देखा।
गायत्री सब समझ गई।
“क्या तुम उससे प्यार करती हो?”
कोयल की आंखें झुक गईं।
गायत्री ने कुछ देर उसे देखा।
फिर बोली—
“नहीं बेटी।”
कोयल ने चौंककर मां की ओर देखा।
गायत्री ने कठोर आवाज में कहा—
“मैं तुम्हारी शादी ऐसे लड़के से नहीं कर सकती जो खुद भी बोल नहीं सकता।”
कोयल की आंखों की चमक बुझ गई।
गायत्री ने उसका हाथ पकड़ लिया।
“मैंने जिंदगी बहुत करीब से देखी है बेटी। मैं नहीं चाहती कि कल को तुम्हें कोई परेशानी हो।”
कोयल ने कांपते हाथों से कागज पर लिखा—
“लेकिन मां, वह मुझे समझता है।”
गायत्री की आंखें भर आईं। उसने नजरें फेर लीं।
“समझना ही काफी नहीं होता बेटी। जिंदगी भी चलानी होती है।”
कोयल ने फिर लिखा—
“अगर जिंदगी समझने वाले के साथ हो तो?”
गायत्री के पास इस सवाल का कोई जवाब नहीं था। लेकिन मां का डर उसके जवाब पर भारी था।
उस दिन के बाद कोयल बदल गई। चाय बनाती तो चाय में चीनी कम हो जाती। समोसे बनाती तो कई बार जल जाते। अब खाना भी बहुत कम खाती थी।
गायत्री सब देखती रही।
एक रात उसने पूछा—
“बेटी, खाना इतना कम आजकल क्यों खा रही हो ?”
कोयल ने सिर हिला दिया।
गायत्री ने उसके सिर पर हाथ रखा।
“मेरे फैसले से नाराज है?”
कोयल की आंखों से आंसू निकल आए। वह कुछ बोल नहीं सकती थी।
लेकिन उस रात उसकी आंखों ने मां से बहुत कुछ कह दिया।
उधर रमन के ऑटो में भी संगीत बंद हो गया था। जो ऑटो कभी गीतों से गूंजता था, अब खामोश रहने लगा।
एक दिन उसके दोस्त ने इशारे से पूछा—
“क्या हुआ?”
रमन ने मुस्कुराने की कोशिश की।
फिर कागज पर सिर्फ एक शब्द लिखा—
“वह..। ”
और उसके बाद कुछ नहीं लिखा। कभी-कभी एक शब्द ही पूरी कहानी कह देता है।
दिन बीतते गए। गायत्री अपनी बेटी को देखती रही। अब वह पहले जैसी नहीं रही थी। एक मां आखिर अपनी बेटी की आंखों से कब तक बच सकती है ?
एक रात गायत्री ने देखा कि कोयल मंदिर के सामने बैठी है। उसने हाथ जोड़ रखे थे। आंखें बंद थीं।
गायत्री दूर खड़ी उसे देखती रही। कुछ देर बाद वह उसके पास गई।
कोयल ने आंखें खोलीं।
गायत्री ने पूछा—
“क्या मांग रही थी भगवान से?”
कोयल ने कुछ नहीं लिखा। बस हाथ जोड़कर रमन की तरफ इशारा किया।
गायत्री की आंखें भर आईं। वह धीरे से बोली—
“तू उसे इतना चाहती है?”
कोयल ने सिर झुका लिया।
गायत्री उसके पास बैठ गई। उसने बेटी का चेहरा दोनों हथेलियों में लिया।
“तुझे पता है, मैंने मना क्यों किया था?”
कोयल ने मां की आंखों में देखा।
गायत्री बोली—
“क्योंकि दुनिया ने मुझे हमेशा डराया है। मुझे डर था कि कहीं तेरी खामोशी को कोई तेरी कमजोरी न समझ ले।”
उसकी आवाज भर्रा गई।
“मैं मां हूं बेटी। इसलिए तेरे प्यार से नहीं, तेरे दुख से डरती हूं।”
कोयल की आंखों से आंसू बहने लगे। गायत्री ने उसे सीने से लगा लिया। कुछ देर दोनों रोती रहीं।
नंफिर गायत्री ने उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहा—
“अगर वह सच में तुझे खुश रख सकता है, तो शायद मैंने ही अपनी बेटी की खुशी को गलत समझ लिया।”
कोयल ने मां की ओर देखा।
गायत्री मुस्कुरा रही थी।
“जा....। अपने रमन से मिल ले।”
कोयल की आंखों में अचानक खुशी उतर आई। वह मां के गले लग गई। उस आलिंगन में वर्षों का संघर्ष पिघल गया।
कुछ दिनों बाद उसी छोटे-से घर के सामने सजावट हुई। न कोई बड़ा मंडप। न बैंड-बाजा। न शोर। बस कुछ रिश्तेदार, पड़ोसी और चाय की दुकान के पुराने ग्राहक।
रमन साधारण कपड़ों में बैठा था।
कोयल लाल साड़ी में उसके सामने आई।
दोनों ने एक-दूसरे को देखा।
रमन मुस्कुराया।
कोयल भी मुस्कुराई।
पंडित मंत्र पढ़ रहे थे।
और दोनों अपनी-अपनी भाषा में एक-दूसरे से वादा कर रहे थे।
रमन ने कागज पर लिखा—
“मैं तुम्हारी खामोशी समझने की कोशिश हमेशा करता रहूंगा।”
कोयल ने उसके नीचे लिखा—
“और मैं तुम्हारी आंखों को पढ़ती रहूंगी।”
दोनों ने वह कागज संभालकर रख लिया।
फेरे पूरे हुए।
गायत्री दूर खड़ी रो रही थी।
रमन उसके पास आया।
उसने झुककर उसके पैर छुए।
गायत्री ने उसके सिर पर हाथ रखा और कहा—
“बेटा, मेरी बेटी को कभी उसकी कमी का एहसास मत होने देना।”
रमन ने कागज पर लिखा—
“मां, उसकी कोई कमी नहीं है। वह मेरी जिंदगी की सबसे खूबसूरत आवाज है।”
गायत्री पढ़ते-पढ़ते रो पड़ी। उसने रमन को गले लगा लिया।
शादी के कुछ महीने बाद वही पुराना ऑटो फिर सड़क पर दौड़ने लगा। बस अब उसके अंदर एक नया यात्री भी अक्सर बैठता था।
कोयल।
रमन ऑटो चलाता। कोयल खिड़की से बाहर देखती। रेडियो पर गीत बजते।
कभी दोनों एक-दूसरे को देखते और मुस्कुरा देते।
उनकी जिंदगी में आज भी आवाज नहीं थी। लेकिन अब उन्हें इसकी कमी महसूस नहीं होती थी। क्योंकि उन्हें समझ आ गया था— प्रेम सुनने के लिए कानों का नहीं, समझने के लिए दिल का होना जरूरी है।
एक शाम रमन ने ऑटो रोककर कोयल को एक कागज दिया।
उस पर लिखा था—
“अगर तुम्हें दोबारा जिंदगी मिलती, तो क्या तुम फिर मुझे चुनती?”
कोयल ने कागज पढ़ा। कुछ क्षण रमन को देखती रही। फिर उसने कलम उठाई और लिखा—
“अगर सौ जिंदगी भी मिलें तो हर बार तुम्हें ही चुनूंगी।”
रमन की आंखें नम हो गईं।
कोयल मुस्कुराई। उसने अपना हाथ रमन के हाथ पर रख दिया।
शहर की सड़क पर ऑटो फिर चल पड़ा। अभी भी ऑटो में गीत बज रहा था। आसमान में शाम उतर रही थी। और उस छोटी-सी गाड़ी में दो ऐसे लोग बैठे थे, जिनकी आवाज भगवान ने उनसे छीन ली थी।
लेकिन प्यार ने उन्हें एक-दूसरे की भाषा दे दी थी। क्योंकि कुछ मोहब्बतें कही नहीं जातीं, बस महसूस की जाती हैं। और कोयल और रमन की मोहब्बत भी ऐसी ही थी— एक खामोश मोहब्बत।
UPI ID - 9430972634-4@ybl
❤️ करुण संदेश
किसी इंसान की खूबसूरती उसके चेहरे में नहीं, उसके व्यवहार और उसके दिल में होती है। किसी की कोई शारीरिक कमी उसे अधूरा इंसान नहीं बनाती। अधूरा तो वह समाज है, जो इंसान को उसकी कमी से पहचानता है और उसके भीतर छिपी अच्छाई को देखने से इनकार कर देता है।
कोयल और रमन बोल नहीं सकते थे, लेकिन उन्होंने एक-दूसरे को वह सब कह दिया, जिसे कई बार बोलने वाले लोग भी पूरी जिंदगी नहीं कह पाते।
उनकी कहानी हमें सिखाती है कि—
सच्चा प्रेम वह नहीं, जो दुनिया को सुनाई दे...
सच्चा प्रेम वह है, जिसे दो दिल बिना आवाज के भी सुन लें।
कभी किसी इंसान को उसकी कमी से मत आंकिए।
क्योंकि हो सकता है, जिस व्यक्ति को दुनिया अधूरा समझ रही हो...
वही किसी की जिंदगी को पूरी करने की सबसे बड़ी वजह बन जाए।
और शायद इसी का नाम है—
“खामोश मोहब्बत।”
📚 यह कहानी भी आपको पसंद आ सकती है -
💔 — सात जन्मों का अधूरा बंधन - यह एक बहुत ही मार्मिक प्रेम कहानी है। दो युवा दिल एक दूसरे से बेइंतहा प्यार कर बैठते हैं मगर प्यार कुछ ही महीनों में टूट कर बिखर जाता है। आखिर दोनों प्रेमियों के जीवन में ऐसा क्या होता है ?
जानने के लिए नीचे दिए गए शीर्षक पर क्लिक करके पूरी कहानी पढ़िए -
❤️ अगर यह कहानी आपके दिल को छू गई हो...
👉 किशोरवाणी को फॉलो करें, जहाँ हर सप्ताह ऐसी ही भावनात्मक, प्रेरणादायक और सामाजिक कहानियाँ प्रकाशित होती हैं।
💬 नीचे कमेंट करके ज़रूर बताइए कि कहानी का कौन-सा हिस्सा आपको सबसे ज़्यादा पसंद आया।
📲 इस कहानी को अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें, क्योंकि शायद किसी एक व्यक्ति तक यह संदेश पहुँचना ज़रूरी हो।
📖 आपकी एक टिप्पणी और एक शेयर हमें बेहतर कहानियाँ लिखने की प्रेरणा देता है।
धन्यवाद ❤️
बहुत ही मार्मिक और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी है।
जवाब देंहटाएंजी बहुत बहुत धन्यवाद
हटाएं