फुटानी – झूठी शान और दिखावे की दर्दनाक सच्ची कहानी / footani-true-motivational-hindi-story
कभी-कभी इंसान गरीब पैदा होने से नहीं, बल्कि अमीर दिखने की ज़िद से बर्बाद हो जाता है।
आज सोशल मीडिया की दुनिया में हर कोई अपनी जिंदगी को हकीकत से ज्यादा खूबसूरत दिखाने की कोशिश कर रहा है। महंगे कपड़े, स्टाइलिश तस्वीरें, लग्जरी लाइफ और झूठी शान... लेकिन इन चमकती तस्वीरों के पीछे छिपे दर्द, कर्ज और टूटते रिश्तों को कोई नहीं देख पाता।
यह कहानी ऐसे ही एक युवक की है, जिसने मेहनत से नहीं, बल्कि दिखावे से बड़ा बनने का सपना देखा। कुछ लाइक्स और झूठी वाहवाही के लिए उसने अपने परिवार का विश्वास, अपना सम्मान और अपना भविष्य दाँव पर लगा दिया।
पढ़िए "फुटानी"—एक ऐसी मार्मिक कहानी, जो आपको बताएगी कि झूठी शान की उम्र बहुत छोटी होती है, लेकिन मेहनत की पहचान हमेशा अमर रहती है।
🍭 फुटानी
✍️ किशोर
बिहार के जहानाबाद जिले के नगला गाँव में रहने वाला मोहित एक साधारण किसान का बेटा था। उसके पिता राम दाहिन प्रसाद अपनी छोटी-सी खेती में दिन-रात पसीना बहाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। माँ सुशीला देवी की आँखों में बेटे के उज्ज्वल भविष्य के सपने बसते थे, जबकि छोटी बहन काजल अपने भाई को ही अपना सबसे बड़ा आदर्श मानती थी।
मोहित पढ़ाई में कभी मन नहीं लगा पाया। किसी तरह तीसरे दर्जे से मैट्रिक की परीक्षा पास कर ली, लेकिन उसके सपने जमीन पर नहीं, आसमान में उड़ते थे। मेहनत और संघर्ष से उसका कोई खास रिश्ता नहीं था। उसे शौक था महंगे कपड़े पहनने का, स्टाइल मारने का, लोगों के बीच रौब झाड़ने का और बिना कुछ बने ही खुद को बड़ा आदमी साबित करने का।
एक दिन उसने पूरे घर के सामने ऐलान कर दिया—
"मैं दिल्ली जाऊँगा... बहुत पैसा कमाऊँगा और बड़ा आदमी बनकर लौटूँगा।"
पिता ने प्यार से समझाया—
"बेटा, अभी तुम्हारी पढ़ने की उम्र है। दो साल और पढ़ लो। पढ़ाई पूरी कर लोगे तो जिंदगी संवर जाएगी।"
लेकिन मोहित के सिर पर शहर की चकाचौंध का ऐसा नशा चढ़ चुका था कि उसे किसी की सलाह सुनाई ही नहीं देती थी।
आखिरकार बेटे की जिद के आगे पूरा परिवार हार गया। उन्हें डर था कि कहीं वह नाराज़ होकर घर ही न छोड़ दे।
गाँव का ही उसका दोस्त दिनेश, जो दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करता था, उसे अपने साथ दिल्ली ले गया।
दिल्ली पहुँचने के कुछ ही दिनों बाद मोहित को एक कंपनी में स्टोर गार्ड की नौकरी मिल गई। तनख्वाह थी मात्र दस हजार रुपये।
कमाई छोटी थी, लेकिन सपने अब भी आसमान छू रहे थे।
असल जिंदगी में वह एक साधारण किराए के कमरे में रहता था, लेकिन सोशल मीडिया पर उसकी दुनिया बिल्कुल अलग थी।
कभी नए कपड़ों में सेल्फी...
कभी काला चश्मा लगाकर स्टाइल...
कभी किराए की बाइक के साथ तस्वीर...
और नीचे बड़े-बड़े कैप्शन—
"दिल्ली में मेहनत रंग ला रही है।"
"सपने देखने वालों की हार नहीं होती।"
"बड़ा आदमी बनने में अब ज्यादा वक्त नहीं है।"
गाँव के लोग उसकी तस्वीरें देखकर दंग रह जाते।
कोई कहता—
"लगता है मोहित दिल्ली में बड़ा अफसर बन गया है।"
दूसरा कहता—
"देखो, शहर जाकर किस्मत बदल गई।"
लोगों की यही बातें उसके अहंकार को और हवा देती थीं।
धीरे-धीरे उसने अपने घरवालों से भी झूठ बोलना शुरू कर दिया।
"पापा, मेरी सैलरी पैंतीस हजार हो गई है।"
"माँ, कंपनी वाले प्रमोशन देने वाले हैं।"
सच्चाई केवल दिनेश जानता था।
वह कई बार समझाता—
"यार, जितनी चादर हो, उतना ही पैर फैलाना चाहिए। झूठ की चमक ज्यादा दिन नहीं टिकती।"
लेकिन मोहित को सच से ज्यादा झूठी शान प्यारी थी।
उसकी स्टाइलिश तस्वीरें देखकर कई लड़कियाँ उससे दोस्ती करने लगीं। वह उन्हें महंगे रेस्टोरेंट ले जाता, महंगे गिफ्ट देता और खुद को बड़ी कंपनी का अधिकारी बताता।
कुछ समय बाद कुछ लड़कियों को उसकी सच्चाई पता चली तो वे उसे छोड़कर चली गईं।
कुछ ने उसकी जेब खाली की और हमेशा के लिए गायब हो गईं।
लेकिन मोहित को अपनी फुटानी छोड़नी मंजूर नहीं थी।
झूठी शान को जिंदा रखने के लिए उसने पहले दोस्तों से उधार लिया।
फिर कंपनी के साथियों से।
फिर जान-पहचान वाले लोगों से।
देखते ही देखते कर्ज का पहाड़ उसके सिर पर खड़ा हो गया।
उधर गाँव में बहन काजल की शादी की चिंता दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही थी।
एक दिन पिता का फोन आया।
उनकी आवाज़ में बेबसी साफ झलक रही थी—
"बेटा... अगर हो सके तो थोड़ा पैसा भेज देना। काजल की शादी की बात चल रही है।"
मोहित के पास पैसे तो थे नहीं।
लेकिन झूठ अब उसकी आदत बन चुका था।
उसने कहा—
"पापा, कंपनी में पैसा फँसा हुआ है। अगले महीने जरूर भेज दूँगा।"
फोन कटते ही उधर पिता की आँखें नम हो गईं।
उन्हें पहली बार लगा कि शायद बेटा उनसे दूर नहीं, बहुत दूर चला गया है।
इधर कर्ज देने वाले लोग रोज उसके कमरे पर आने लगे।
किसी ने दरवाजा पीटा...
किसी ने धमकी दी...
किसी ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही।
अब वह कमरे से बाहर निकलने तक से डरने लगा।
न नौकरी पर जा पा रहा था... न किसी का सामना कर पा रहा था... ।
बदनामी और कर्जदारों से बचने की लिए आखिर एक रात वह बिना किसी को बताए दिल्ली छोड़कर गाँव भाग आया।
गाँव पहुँचते ही उसने फिर वही पुराना मुखौटा पहन लिया।
"कंपनी से छुट्टी लेकर आया हूँ। "
"अबकी बार दिल्ली से कार खरीदूँगा।"
"मेरी सैलरी पचास हजार हो गई है।"
गाँव वाले फिर उसकी बातों पर यकीन करने लगे।
लेकिन इस बार सच ज्यादा देर तक छिप नहीं सका।
कुछ दिनों बाद दिनेश भी गाँव पहुँचा दिल्ली से भागकर आ गया। क्योंकि मोहित के गायब हो जाने के बाद कर्जदार उससे से पैसा मांगने लगे थे। उसी के कहने पर ही बहुतों ने पैसा दिया था।
गांव आते ही दिनेश सबको मोहित की सच्चाई बता दिया —
"चाचा... मोहित कोई अफसर नहीं था। वह सिर्फ दस हजार रुपये की नौकरी करता था और लाखों की फुटानी मारता था। उसके ऊपर भारी कर्ज है। इसी डर से वह दिल्ली छोड़कर भाग आया है।"
यह सुनते ही पूरे गाँव में सन्नाटा छा गया।
लोगों की नजरें मोहित पर टिक गईं।
माँ की आँखों से आँसू बह निकले।
काजल का सिर शर्म से झुक गया।
और पिता... उनकी आँखों में वर्षों से पल रहा सपना उसी पल बिखर गया।
काँपती आवाज़ में उन्होंने कहा—
"बेटा... हम गरीब जरूर हैं, लेकिन हमने कभी झूठी अमीरी का बोझ नहीं उठाया। गरीबी इंसान को छोटा नहीं बनाती, लेकिन झूठ उसे भीतर से खोखला कर देता है। तूने हमें गरीब होने का दुख नहीं दिया... तूने हमें झूठा साबित होने का दर्द दिया है।"
पिता के ये शब्द मोहित के सीने में किसी तीर की तरह उतर गए।
उसका सिर शर्म से झुक गया।
उस रात वह फूट-फूटकर रोया।
उसे पहली बार एहसास हुआ कि दिखावे की आग में उसने अपने परिवार का विश्वास, अपना सम्मान और अपना भविष्य—तीनों जला डाले हैं।
अगली सुबह वह पिता के चरणों में गिर पड़ा।
आँखों से आँसू बह रहे थे।
रुँधे गले से बोला—
"बाबूजी... मुझे माफ कर दीजिए। अब मैं झूठी फुटानी नहीं, सच्ची मेहनत करूँगा। आपकी झुकी हुई नजरें फिर कभी नीचे नहीं होने दूँगा।"
राम दाहिन प्रसाद ने बेटे को उठाकर गले से लगा लिया।
उनकी आँखों में आँसू थे, लेकिन इस बार उनमें उम्मीद भी थी।
समय बीतता गया।
मोहित फिर दिल्ली लौटा, लेकिन इस बार दिखावा करने नहीं, मेहनत करने।
उसने धीरे-धीरे अपना सारा कर्ज चुकाया।
बहन काजल की शादी में अपनी मेहनत की कमाई से सबसे बड़ा योगदान दिया।
अब भी उसके पास मोबाइल था, सोशल मीडिया भी था, लेकिन वहाँ तस्वीरें कम और मेहनत ज्यादा दिखाई देती थी।
उसे आखिरकार समझ आ गया था कि लाइक और फॉलोअर सम्मान नहीं दिलाते, सम्मान हमेशा चरित्र और परिश्रम दिलाते हैं।
आज भी सोशल मीडिया पर हजारों मोहित दिखाई देते हैं, जो अपनी असली जिंदगी से ज्यादा अपनी नकली जिंदगी सजाने में लगे हैं।
लेकिन याद रखिए—
दिखावे की चमक कुछ दिनों की तालियाँ जरूर दिला सकती है, पर मेहनत की रोशनी पूरी जिंदगी सम्मान दिलाती है। झूठी शान क्षणिक होती है, लेकिन सच्ची पहचान केवल कर्म से बनती है।
❤️ फुटानी सदेश
दोस्तों, जिंदगी में साधन छोटे होना कोई शर्म की बात नहीं है, लेकिन अपनी हैसियत से बड़ी जिंदगी दिखाने की कोशिश अक्सर इंसान को भीतर से तोड़ देती है।
दूसरों को प्रभावित करने की चाह में यदि हम अपने परिवार का विश्वास, अपनी ईमानदारी और अपनी पहचान खो दें, तो ऐसी सफलता किसी काम की नहीं रहती।
याद रखिए—
झूठी शान कुछ दिनों तक लोगों की नज़रें अपनी ओर खींच सकती है, लेकिन सच्ची मेहनत पूरी जिंदगी लोगों के दिलों में सम्मान दिलाती है।
इसलिए अपनी कमाई पर गर्व कीजिए, अपने संघर्ष का सम्मान कीजिए और कभी भी दिखावे की चमक को अपनी सच्चाई से बड़ा मत बनने दीजिए।
क्योंकि दुनिया आखिर में आपकी तस्वीरों को नहीं, बल्कि आपके चरित्र और कर्मों को याद रखती है
🫸 दिखावे की एक और दूसरी कहानी 🫷
यह कहानी एक ऐसे जोड़े की है जिसकी शादी का पवित्र रिश्ता ही झूठ की बुनियाद पर बना था। मगर जब तक सच्चाई सामने आती है तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आज के अपाहिज रिस्ते की एक बहुत ही मार्मिक और दिल को छू लेने वाली सच्ची कहानी है। आप इस कहानी को एक बार जरूर पढ़िए।
कहानी पढ़ने के लिए नीचे लिखे कहानी के टाईटल पर क्लिक कीजिए -
👉 ऐसी ही प्रेरणादायक एवं मजेदार कहानियाँ पढ़ने के लिए किशोरवाणी ब्लॉग फॉलो करें।
👉 पोस्ट पसंद आए तो कमेंट भी जरूर लिखें ।
👉 इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।
आज की कड़वी सच्चाई
जवाब देंहटाएंजी बहुत बहुत धन्यवाद
हटाएं