बिंदिया और बबलू - गाँव, प्यार और रहस्य से भरा हिंदी उपन्यास | अध्याय - 01 / bindiya-aur-babalu-hindi-novel
👩❤️👩 बिंदिया और बबलू 👩❤️👩
गाँव की सुबहें वैसे तो हमेशा एक जैसी होती थीं, लेकिन आज हवा में अलग ही उत्साह था। कारण था — बबलू। शादी के बाद पहली बार वह अपनी शहर वाली पत्नी बिंदिया को लेकर गाँव लौट रहा था। पूरे गाँव में मानो मेले जैसा माहौल था। कोई घर साफ कर रहा था, कोई बैंड-बाजे की तैयारी में लगा था, तो कोई नई बहू को देखने के लिए बेचैन था।
मगर इस स्वागत के पीछे कई अनकहे डर, जलन और रहस्य भी छुपे थे…
एक तरफ गाँव वालों की आँखों में बबलू के लिए सम्मान था, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग उसकी सच्चाई जानने को बेताब थे। और जब रंजीत ने अपनी पुरानी प्रेमिका बिंदिया को बबलू की पत्नी के रूप में देखा, तभी इस कहानी ने एक खतरनाक मोड़ ले लिया।
क्या बबलू सच में उतना पढ़ा-लिखा और सीधा है जितना गाँव समझता है ?
क्या बिंदिया का अतीत उनके वर्तमान को बर्बाद कर देगा ?
और आखिर कौन से राज़ हैं जो इस प्यार के पीछे छुपे हैं ?
जानिए इस नए धारावाहिक हिंदी उपन्यास “बिंदिया और बबलू” में।
इस उपन्यास में आपको मिलेगा:
✔ गाँव की असली मिट्टी की खुशबू
✔ प्यार, जलन और साज़िश
✔ देसी किरदारों की दमदार कहानी
✔ रहस्य और रोमांच से भरपूर घटनाएँ
✔ हर अध्याय में नया ट्विस्ट
👩❤️👩 बिंदिया और बबलू 👩❤️👩
( अध्याय – 1 : शहर वाली बहू )
✍️ किशोर
बिहार के जहानाबाद जिले से लगभग 12 किलोमीटर दूर, दरधा नदी के किनारे बसा था एक छोटा-सा गाँव—मंझार।
गाँव बड़ा नहीं था, लेकिन उसकी पहचान उसकी सादगी थी। बरसात के दिनों में दरधा नदी उफनती तो गाँव मानो दुनिया से कट जाता। शहर जाने के लिए लोगों को नाव का सहारा लेना पड़ता। मगर गाँव वालों को इसकी शिकायत नहीं थी। उन्हें अपनी मिट्टी से प्यार था।
सुबह की सुनहरी धूप खेतों पर बिखरी हुई थी। आम के बगीचों से कोयल की आवाज़ आ रही थी और गाँव की गलियों में आज एक अलग ही हलचल थी।
कारण था—बबलू।
शादी के बाद पहली बार बबलू अपनी पत्नी को लेकर गाँव आ रहा था।
मंझार में शायद ही कोई ऐसा घर था जहाँ आज उसकी चर्चा न हो।
कोई कह रहा था, "सुना है बहू बहुत पढ़ी-लिखी है।"
कोई जवाब देता, "अरे, बबलू की पत्नी है तो खास तो होगी ही।"
गाँव वालों की नजर में बबलू कोई साधारण लड़का नहीं था। वह गाँव का सबसे होनहार, सबसे पढ़ा-लिखा और सबसे समझदार युवक माना जाता था।
लेकिन सच्चाई कुछ और थी...
सच्चाई यह थी कि बबलू पढ़ा-लिखा था ही नहीं।
वह स्कूल जरूर गया था, मगर पढ़ाई कभी नहीं की। बचपन से ही उसे किताबों से ज्यादा सिनेमा, घूमना-फिरना और लंबी-लंबी डींगें हाँकना पसंद था।
वह लोगों को अपने शब्दों के जाल में फँसाने की ऐसी कला सीख चुका था कि बड़े-बड़े समझदार लोग भी उसकी बातों में आ जाते।
यहाँ तक कि उसके पिता सहदेव सिंह भी।
सहदेव सिंह पटना सचिवालय में नौकरी करते थे। पत्नी के निधन के बाद उनका सारा संसार उनका इकलौता बेटा बबलू ही था।
उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि जिस बेटे को वे कॉलेज का सबसे होनहार छात्र समझते हैं, वह पहली कक्षा की किताब तक ठीक से नहीं पढ़ सकता।
लेकिन बबलू की किस्मत उससे भी दो कदम आगे चल रही थी।
उसी झूठी चमक और बातों के जादू के सहारे उसने पटना की एक सुंदर, समझदार और पढ़ी-लिखी लड़की—बिंदिया—का दिल भी जीत लिया था।
और फिर उससे शादी भी कर ली।
लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद अचानक सहदेव सिंह का निधन हो गया।
उनकी मृत्यु के साथ ही बबलू की जिंदगी का सबसे बड़ा राज बिंदिया के सामने खुल गया।
उसे पता चल गया कि उसका पति पढ़ा-लिखा नहीं, बल्कि लगभग अनपढ़ है।
उस रात बिंदिया बहुत रोई थी।
उसे अपने माता-पिता की बातें याद आई थीं, जिन्होंने इस शादी का विरोध किया था।
लेकिन अब पछताने से क्या होता?
वह अपना घर-परिवार छोड़कर खुद बबलू का हाथ थाम चुकी थी।
आखिरकार उसने अपने आँसू पोंछ लिए और मन ही मन फैसला किया—
"अब यही मेरी जिंदगी है। जो भी होगा, इसी आदमी के साथ होगा।"
उधर बबलू ने भी पटना छोड़ने का निर्णय ले लिया था।
शहर में उसके झूठ ज्यादा दिन तक नहीं टिकते।
लेकिन गाँव...
गाँव में तो लोग उसे भगवान की तरह मानते थे।
वहाँ कोई उसकी असलियत नहीं जानता था।
और यही सोचकर उसने मंझार लौटने का फैसला किया।
इधर जैसे ही गाँव में खबर पहुँची कि बबलू अपनी पत्नी के साथ आ रहा है, पूरा गाँव खुशी से झूम उठा।
ढोल वाले बुलाए गए।
स्वागत की तैयारियाँ शुरू हो गईं।
और सबसे ज्यादा खुश था—महेश।
महेश, बबलू के चाचा मंगल सिंह का बेटा।
रंग साँवला, पढ़ाई पाँचवीं तक और उम्र शादी लायक।
लेकिन लड़की आज तक नहीं मिली थी।
सुबह-सुबह वह अपने पिता के साथ बबलू के बंद पड़े घर की सफाई कर रहा था।
"पिताजी, जल्दी हाथ चलाइए। आज शहर वाली भाभी आ रही हैं।"
मंगल सिंह मुस्कुराए।
"हमसे ज्यादा तो तू उतावला दिख रहा है।"
"अरे, पहली बार शहर वाली भाभी देखने को मिलेंगी।"
पास ही बैठी जानकी ने तुनककर कहा—
"बहुत उड़ मत। शहर की लड़कियाँ कोई परियों की रानी नहीं होतीं।"
महेश हँस पड़ा।
"माँ, आप तो ऐसे बोल रही हैं जैसे आपको शहर की सारी लड़कियों का बायोडाटा मालूम हो।"
जानकी ने घूरा।
"चुप कर बदमाश!"
मंगल ठहाका मारकर हँस पड़े।
लेकिन जानकी की चिंता कुछ और थी।
उसे बबलू का गाँव आना अच्छा नहीं लग रहा था।
अब तक खेत की सारी पैदावार उसी के घर आती थी।
बबलू आ जाएगा तो हिस्सा भी देना पड़ेगा।
और यही बात उसे भीतर-ही-भीतर खाए जा रही थी।
मंझार गांव में एक झोला छाप डॉक्टर रहता था जिसका नाम था सुजीत। सुजीत घर घर जाकर सभी का ईलाज तो करता ही था गांव में ही एक छोटा सा क्लिनिक भी खोले हुए था।
सुजीत के क्लिनिक के ठीक सामने ही उसके एक दोस्त योगेश का दुकान था। योगेश लाउडस्पीकर, जनरेटर और लाईट रखे हुए था। वह शादी ब्याह या किसी और पार्टी फंक्शन में भाड़े पर सारा सामान देता था। वह अपने दुकान में ही बल्ब एवं बिजली का और दुसरे सामान भी बेचता था। वह खराब रेडियो एवम टॉर्च भी बनाता था।
सुजीत और योगेश दोनों पक्के दोस्त थे। दोनों की अभी तक शादी नहीं हुई थी।
बबलू को अपनी पत्नी के साथ गांव आने की खबर सुनकर योगेश भी बहुत खुश था। वह आज सुबह से ही नहा धोकर नया शर्ट पैंट पहन एवं सेंट लगाकर खुशी के मारे अपनी दुकान के आगे बैठा चहक रहा था।
वह बार बार कभी अपने बालों में कंघी तो कभी कपड़ों पर सेंट छिड़क रहा था।
" भगवान, तुम्हारा लाख लाख शुक्र है कि आज शहर वाली सुंदर, और मॉडर्न लड़की को देखने का हमारा सपना पुरा होगा। गांव के गंवार लड़की को देख देख कर मेरा आंख दुख गया था। आज हमारे गांव के सबसे हैंडसम और ब्रिलिएंट लड़का यानि की हमारे बबलू भईया अपनी शहरी मैडम के साथ आ रहे हैं। कितना अच्छा होगा जब हम अब दिन भर अपनी शहरी बिंदिया भाभी का अपने दुकान पर से ही बैठे बैठे दीदार करते रहेंगे। अब शायद उन्हें देख देख कर मेरे उजड़े चमन में भी हरियाली आ जायेगा, और मुझे भी कोई मॉडर्न सुन्दर लड़की मिल जाएगी। हम बहुत पतझड़ देख लिए हैं। "
योगेश अपने दुकान के बाहर बेंच पर बैठा अपने आप को संवारते एवं इठलाते हुए मन ही मन बुदबुदा रहा था।
तभी योगेश का झोला छाप डॉक्टर दोस्त सुजीत भी एक तरफ से अपनी खटारा साइकिल चलाता हुआ वहां आ जाता है।
वह योगेश को सज धज कर दुकान के आगे बैठा देख चौंकते हुए गौर से उसे देखने लगता है।
" का बात है मेरे उजड़े चमन, आज ई बिजली गिराने का कहां प्लान है। किसी लड़की के यहां शादी में लाउडस्पीकर बजाने जा रहे हो क्या ? "
सुजीत अपनी साईकिल उसी के बगल में खड़ी करते हुए बोला।
सुजीत की बात सुनकर योगेश क्रोधित हो जाता है।
" तुम न एकदम झोला छाप डॉक्टर ही रहोगे। तुमको पता भी है कि आज बबलू भईया अपनी शहर वाली भाभी के साथ पहली बार गांव आ रहे हैं। "
" अरे हम तो भूल ही गए थे। आज हमारी शहरी भाभी आ रही हैं। सुन न भाई तुम अभी कहीं मत जाना, मैं भी नहा धोकर तुरंत आता हूं। "
सुजीत बोलते हुए पैदल ही अपने घर की ओर तेजी से जाने लगता है। मगर तभी उसे योगेश पकड़ लेता है।
" अरे भाई नहा लेना। मगर पहले मेरे आंख में रौशनी बढ़ाने वाला कोई आई टॉनिक डाल दो, ताकि मैं अपनी दुकान पर बैठे बैठे ही भाभी का अच्छी तरह से दीदार कर संकू। "
" अभी मेरे पास नहीं है भाई। उसके लिए क्लिनिक खोलना पड़ेगा। "
" तो खोल न , तुम्हारा क्लिनिक कौन बहुत दूर है। समाने ही तो है। नहीं तो लाओ चाभी, मैं खुद निकालकर लाता हूं। "
" अरे यार मैं फिर तैयार कब होऊंगा। मुझे भी तो सजना संवरना है। "
दोनों अभी बाते ही कर रहे थे कि तभी गांव की ही एक लड़की संजू वहां आ जाती है। उसके माथा में दर्द था, और वह दवा लेने के लिए ही सुजीत के पास आई थी।
योगेश उसे आते देख धीरे से सुजीत से बोला -
" लो आ गई बुलेट गन अब जरा फुटानी करके दिखाओ। "
संजू सुजीत के पास आकर रुक जाती है।
" डॉक्टर साहब मेरे सिर में बहुत दर्द हो रहा है, आप कोई अच्छा सा दवा दे दीजिए कि मेरा दर्द जल्दी ठीक हो जाए। "
संजू अपने चेहरे पर मायूसी लिए सुजीत से बोलती है।
" अभी दवा नहीं है, कल आना। "
सुजीत संजू को भी टरकाने के मूड में जवाब देता है।
" डॉक्टर साहब दवा आपके झोला में नहीं है तो क्लिनिक में से दे दीजिए। सामने ही तो क्लिनिक है। "
" डॉक्टर साहब का आज रोगी देखने का मूड नहीं है। अब जो भी होगा कल ही होगा। "
योगेश भी सुजीत के तरफ से बोल पड़ता है।
दोनों के बक बक को सुनकर संजू के दिमाग का पारा चढ़ जाता है।
" तुम ज्यादा टांय टांय मत करो। डॉक्टर साहब दवा देना है तो दीजिए नहीं तो आपके साइकिल के टायर की हवा खोल दूंगी। फिर हवा भरवाने मेरे यहां ही आयेंगे। फिर आपको समझ में आ जाएगा। "
" जो करना है करो मैं अभी जा रहा हूं। "
कहते हुए सुजीत तेजी से पैदल ही अपने घर की ओर चल देता है।
सुजीत को बिना उसे दवा दिए जाते देख संजू गुस्से से उसे गाली देने लगती है।
योगेश को संजू द्वारा अपने डॉक्टर दोस्त को गाली देते देख गुस्सा आ जाता है। वह भी गुस्से में उसे डांटने लगता है।
" तुम गाली क्यों दे रही हो। लड़की हो लड़की जैसी ही रहो। "
" तुम ज्यादा टांय टांय मत करो, और अपने डॉक्टर दोस्त को समझा देना। वह ज्यादा डॉक्टर में नहीं फूले। "
कहती हुई संजू जाने लगती है, मगर कुछ सोच कर रुक जाती है।
" सुने हैं की हमारे शादी में तुम्हीं लाउडस्पीकर और झाड़ फाटक का काम लिया है ? "
" हां लिए हैं तो ? "
" तो ठीक से सब काम करना। दीदी जैसा खराब काम किया न तो समझना। हमरा से बुरा कोई नहीं होगा । "
कहती हुई संजू पांव पटकती हुई वहां से चली जाती है।
संजू मंझार गांव के ही सबसे बुजुर्ग और तेज तर्रार महिला तेतरी चाची की पोती थी। तेतरी गांव के औरतों की मुखिया थी।
संजू के जाते ही योगेश फिर से अपने आप को संवारने में लग जाता है।
गाँव के महिला चौपाल पर भी आज अजीब सन्नाटा था। तेतरी रोज की तरह समय पर पहुँच गई थी, मगर बाकी औरतें गायब थीं। वह महिला चौपाल की मुखिया थी।
थोड़ी देर बाद गाँव की एक महिला चिंता वहाँ आई। उसे देखते ही झट तेतरी ने पूछा—
“आज सब कहाँ मर गईं ?”
चिंता हँस दी।
“मरी नहीं हैं। सब नदी किनारे गई हैं… बबलू और उसकी शहर वाली बहू के स्वागत में।”
तेतरी ने भौंहें सिकोड़ लीं।
“ऐसा क्या खास है उसमें ?”
“बहुत पढ़ी-लिखी है। पहली बार गाँव में शहर की बहू आ रही है।”
फिर चिंता धीरे से बोली—
“देखना तेतरी… कहीं ऐसा ना हो कि कल से औरतें अपनी परेशानी लेकर तुम्हारे पास नहीं, उसी के पास जाने लगें।”
तेतरी कुछ पल चुप रही। फिर बोली—
“गाँव का भरोसा इतनी जल्दी नहीं बदलता।”
लेकिन उसके चेहरे पर पहली बार हल्की चिंता उतर आई थी।
उधर सुबह सुबह ही मंझार गांव के सरपंच साहब के दरवाजे पर रामबली अपनी पत्नी और बेटे संजय के साथ खड़ा था। सरपंच साहब घर आगे बैठे हुक्का पी रहे थे।।
रामबली की आवाज़ भारी थी—
“सरपंच जी, बहुत मुश्किल से खेत गिरवी रखकर इसे शहर पढ़ने भेजे थे। लेकिन ये भाग आया।”
सरपंच ने संजय की तरफ देखा।
“क्यों रे ?”
संजय चुप रहा।
सरपंच धीमे स्वर में बोले—
“बीस साल तक की उम्र ही असली मेहनत की होती है बेटा। तेरे माँ-बाप भाग्यशाली हैं जो तुझे पढ़ा रहे हैं। कई लोगों के पढ़ने का सपना सिर्फ सपना ही बनकर रह जाता है।”
फिर उन्होंने हुक्का का लंबा कश लेते हुए मुस्कुराकर कहा—
“देख बबलू को। आज पूरा गाँव उसके स्वागत में खड़ा है, सिर्फ इसलिए क्योंकि लोग उसे पढ़ा-लिखा और गांव का सबसे समझदार मानते हैं।”
संजय की आँखें झुक गईं।
“कल ही वापस शहर चला जाऊँगा सरपंच जी।”
तभी महेश दौड़ता हुआ आया।
“ सरपंच साहब बैंड वाले नदी की तरफ निकल गए हैं! सब चलिये। "
महेश की बात सुनते ही सभी तुरंत नदी की ओर चल पड़ते हैं।
गाँव के दूसरे छोर पर रंजीत अपने दोस्तों के साथ अपने घर के आगे वाले चौराहे पर बैठा गांजा पी रहा था। वह गांव का सबसे आबरा लड़का था। उसके पास पुरखों का दिया हुआ बहुत सारा जमीन जायदाद था, वह उसी से अपने आवारा और लफंगे दोस्तों के साथ गांजा, दारू और ताड़ी पीने से लगा रहता था।
आज भी वह अभी चौराहे पर अपने दोस्तों के साथ बैठा ताश खेलते हुए गांजा पी रहा था। उसकी आँखों में हमेशा की तरह अजीब-सी आग थी। आज रंजीत का फुफेरा भाई किसन भी अपने गांव से उसके यहां आया हुआ था।
वह अपने भाई किशन से बोला—
“तुमको पता है भाई, कॉलेज में हमको भी एक लड़की से प्यार हुआ था ।”
“फिर ?”
“उसने ठुकरा दिया।”
उसने दाँत भींचे।
“मार देना चाहते थे उसे… लेकिन कुछ सोच कर रुक गए थे ।”
उसने मोबाइल निकालकर उस लड़की की और तस्वीर दिखाने लगा। किसन ध्यान से उसकी प्रेमिका की तस्वीर देखने लगा।
तभी तभी रंजीत का एक और दोस्त मदन वहाँ आया।
“ रंजीत भईया आज पूरा गाँव बबलू के स्वागत में पागल हुआ पड़ा है।”
रंजीत हँस पड़ा।
“गाँव वाले भी ना एकदम पागल हैं… किसी को भी भगवान बनाने में देर नहीं लगाते हैं।”
" ये बबलू कौन है ? "
किसन पूछ बैठा। वह बबलू को नहीं जानता था।
" है इसी गांव का पढ़ाकू। पटना में रहता है । " रंजीत गांजा फूंकते हुए बोला।
सभी वही बैठे गांजा पीते और ताश खेलते हुए आपस में बातें करते रहते हैं।
उधर बबलू के स्वागत में नदी किनारे गांव वालों की भीड़ जमा हो चुकी थी।
ढोल नगाड़े बज रहे थे। बच्चे उछल रहे थे। औरतें गीत गा रही थीं।
तभी दूर से एक गाड़ी आती दिखाई दी।
“आ गए! आ गए!”
शोर गूँज उठा।
गाड़ी रुकी।
पहले बबलू उतरा। उसके बाद लाल साड़ी में एक लड़की धीरे से नीचे उतरी।
वह थी—बिंदिया।
गोरी नहीं थी, मगर उसके चेहरे में ऐसा तेज था कि देखने वाले ठहर जाते।
लोग फुसफुसाने लगे—
“अरे वाह…”
“सच में शहर वाली लगती है…”
महेश, योगेश और सुजीत तीनों एक-दूसरे को धक्का देते हुए आगे बढ़े।
महेश बोला—
“पहले हम बात करेंगे भौजी से।”
योगेश बोला—
“हम पहले से तैयार हैं।”
सुजीत मुस्कुराया—
“शहर वाली लड़की ढूँढने का ठेका हमको मिलेगा।”
उधर बिंदिया को नाव में बैठाया गया।
फूल-मालाओं के बीच पूरा गाँव जैसे किसी राजा का स्वागत कर रहा था।
नदी पार कर जब जुलूस आगे बढ़ा, ढोल की आवाज़ पूरे इलाके में गूँज रही थी।
लेकिन जैसे ही काफिला रंजीत के घर के सामने वाली चौक से गुज़रा रंजीत की आँखें फैल गईं। वह अभी भी वही बैठा हुआ था।
“बिंदिया…”
उसकी साँस अटक गई।
किशन धीरे से बोला—
" तो ये बबलू इसी गांव का है। "
" तुम बबलू को जानते हो ? "
" हां रंजीत भईया। ये तो साला एक नंबर का आवारा है। "
" क्या बोल रहा है किसन तू.. ! "
“ और सुनो… बबलू उतना पढ़ा-लिखा नहीं है जितना गाँव वाले समझते हैं।”
“क्या मतलब?”
“उसने सबको बेवकूफ बना रखा है। भईया ये लड़की तो आपके मोबाइल वाली ही लग रही है। "
" हां, ये वही बिंदिया है। मेरे कॉलेज वाली। बिंदिया...... !"
रंजीत की आँखों में खतरनाक चमक उतर आई।
“सच क्या है… अब हम पता लगाएंगे।”
वह धीरे से मुस्कुराया।
“और फिर… पूरे गाँव के सामने पति-पत्नी का भंडा फोड़ेंगे।”
उधर बबलू और बिंदिया घर पहुँच चुके थे।
दरवाजे पर जानकी आरती की थाली लिए खड़ी थी।
ढोल अब भी बज रहे थे।
गाँव वाले लगातार घर में घुस-घुसकर नई बहू को देखने की कोशिश रहे थे।
बिंदिया हल्की मुस्कान के साथ सबको नमस्ते कर रही थी।
लेकिन उस भीड़, शोर और मुस्कानों के बीच कहीं दूर गांव के ही चौराहे पर एक तूफान जन्म ले चुका था।
क्रमश आगे :…
💅 लेखक की ओर से:
“बिंदिया और बबलू” सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि गाँव के बदलते समाज, रिश्तों और इंसानी भावनाओं का आईना है। यह कहानी आपको हँसाएगी, रुलाएगी और हर अध्याय के बाद अगले भाग का इंतज़ार करने पर मजबूर कर देगी।
अगले अध्याय में:
👉 रंजीत का पहला कदम
👉 बिंदिया का छुपा हुआ अतीत
👉 बबलू की सच्चाई पर उठते सवाल
👉 और गाँव में शुरू होने वाला नया खेल…
📖 जुड़े रहिए — किशोरवाणी के साथ।
ग्रामीण परिवेश की बहुत ही सटीक चित्रण करती लाजवाब कहानी।
जवाब देंहटाएंजी बहुत बहुत धन्यवाद
हटाएं