मजबूरी का नाच – बेरोजगारी ने एक पढ़े-लिखे युवक को लौंडा बना दिया | मार्मिक हिंदी कहानी । majboori-ka-naach-hindi-story
समाज जिस काम को तिरस्कार की नजर से देखता है, वही काम किसी की मजबूरी बन जाता है।
यह कहानी कपिल की है — एक ऐसे पढ़े-लिखे लड़के की, जिसके माता-पिता ने पूरी जिंदगी मेहनत करके उसे उस रास्ते से दूर रखने की कोशिश की, जिस पर उनके पूर्वज चलते आए थे।
लेकिन बेरोजगारी, गरीबी और हालात ने आखिरकार उसे वहीं ला खड़ा किया…
एक दिन ऐसा भी आया जब कपिल को अपने माता-पिता के सपनों का गला घोंटकर उसी मंच पर उतरना पड़ा, जहाँ कभी उसके बाप-दादा नाचा करते थे।
यह सिर्फ एक लड़के की कहानी नहीं है, बल्कि उस समाज का आईना है जहाँ कला का सम्मान मंच के आकार और कलाकार की हैसियत देखकर तय किया जाता है।
पढ़िए — मजबूरी, विरासत और बेरोजगारी की मार झेलते एक युवक की सच्चाई से भरी कहानी…
मजबूरी का नाच
✍️ किशोर
शादी के जलमासे में लगे लाउडस्पीकर पर एक फिल्मी गाना बज रहा था। उसी गाने की धुन पर मैं जलमासे के एक किनारे बने छोटे से स्टेज पर अपनी ही धुन में थिरक रहा था। कुछ लोग तालियाँ बजाकर मेरा हौसला बढ़ा रहे थे, तो कुछ बाराती मुझे देखकर अपनी जगह पर ही झूमने लगे थे।
दूल्हे का मामा हाथ में नोटों का बंडल लिए उसे पंखे की तरह हिलाते हुए बार-बार मेरी तरफ दिखा रहा था। पूरे जलमासे में उमंग और शोर का ऐसा माहौल था कि मानो खुशियाँ हवा में तैर रही हों।
लेकिन उस शोर और तालियों के बीच एक सच्चाई ऐसी भी थी, जो सिर्फ मुझे ही सुनाई दे रही थी।
मैं जिंदगी में पहली बार स्टेज पर लौंडा बनकर नाच रहा था।
इससे पहले मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं अपने बाप-दादा की तरह ही लौंडा बनकर नाचूँगा और उसी से अपना पेट पालूँगा। मगर लाचारी और परिस्थितियों के आगे इंसान के सपने भी अक्सर हार जाते हैं। आज वही मेरे साथ हुआ था।
अगले ही दिन मेरे गांव में यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई कि “कपिल भी लौंडा बन गया… और नाचने लगा है।”
कुछ लोग तिरस्कार भरी मुस्कान के साथ मेरी निंदा कर रहे थे, तो कुछ लोग मेरी मजबूरी पर अफसोस जता रहे थे। मगर इन सब बातों से बेखबर मैं उस दिन गहरी नींद सोया। लंबे समय बाद मेरे दिल को थोड़ी राहत मिली थी।
शायद इसलिए कि बहुत दिनों बाद मेरे हाथ में मेहनत की कमाई आई थी।
आप सोच रहे होंगे कि मेरे लौंडा बनकर नाचने से आखिर पूरे गांव में इतना हंगामा क्यों मचा हुआ था।
तो आइए, आपको सुनाता हूँ मेरे लौंडा बनने की पूरी कहानी।
मेरे गांव का नाम सचई है, जो जहानाबाद जिले के कुर्था प्रखंड में पड़ता है।
मेरे दादा शिवपूजन अपने समय के मशहूर लौंडा कलाकार थे। दूर-दूर के गांवों में उन्हें नाचने-गाने के लिए बुलाया जाता था। समाज भले ही उन्हें सम्मान की नजर से नहीं देखता था, लेकिन उन्हें अपने इस कला से बेहद प्रेम था।
लोग क्या कहेंगे, इसकी परवाह किए बिना वे अपने काम में डूबे रहते थे।
मेरे पिता मुरली को यह काम बिल्कुल पसंद नहीं था। वे कभी लौंडा बनकर नाचना नहीं चाहते थे। मगर घर की गरीबी और दादा-दादी के दबाव ने उन्हें भी उसी रास्ते पर धकेल दिया।
वे गांव के मिडिल स्कूल तक ही पढ़े थे। इसलिए कोई दूसरी नौकरी भी उन्हें मिल नहीं सकती थी।
हमारे पास गांव में एक छोटा सा घर छोड़कर कोई जमीन-जायदाद नहीं थी। घर का पूरा खर्च दादा-पिता के नाच-गाने से ही चलता था।
जब मेरे पिता सिर्फ पंद्रह साल के थे, तभी दादा का देहांत हो गया। उस उम्र में ही उन्हें घर की जिम्मेदारी उठानी पड़ी।
हमारी एक बुआ भी थी, जो पिता से दो साल बड़ी थी। दादा के गुजर जाने के बाद पिता को बुआ की शादी की चिंता भी सताने लगी थी।
लेकिन मुश्किल यह थी कि लोग “लौंडा का घर” सुनते ही रिश्ता करने से कतराने लगते थे।
आज तक मुझे यह बात समझ नहीं आई कि जब एक गरीब आदमी अपनी कला के सहारे अपने परिवार का पेट पालता है, तो समाज उसे इतनी हीन नजर से क्यों देखता है?
और वही काम अगर फिल्मों में हो तो वही कलाकार लोगों के लिए आदर्श बन जाते हैं।
शायद इसलिए कि उनके पास पैसा और शोहरत होती है।
किसी तरह पिता ने बुआ की शादी करवाई। लेकिन मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं।
जब उनकी खुद की शादी की बात आई, तब भी लोगों ने लौंडा का नाम सुनते ही मना कर दिया।
आखिरकार उन्होंने एक गरीब विधवा की बेटी झुमरी से शादी कर ली।
शादी के एक साल बाद मेरा जन्म हुआ।
मेरे पैदा होते ही मेरे माता-पिता ने एक फैसला कर लिया—
“हम अपने बेटे को कभी लौंडा नहीं बनने देंगे।”
इसीलिए मेरी माँ खेतों में मजदूरी करने लगी, ताकि मुझे पढ़ा-लिखाकर इस जिंदगी से दूर ले जा सके।
मैं कुर्था के हाई स्कूल से मैट्रिक पास करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए जहानाबाद चला गया।
मैं भी अपने माता-पिता के सपनों को सच करना चाहता था, इसलिए पूरी मेहनत से पढ़ाई करता रहा।
समय बीतता गया। मैंने इंटर पास कर लिया और सरकारी नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने लगा।
लेकिन तभी अचानक एक दिन मेरे पिता का देहांत हो गया।
उनकी मौत ने जैसे हमारी दुनिया ही उजाड़ दी।
माँ चिंता में डूब गई। उसे बार-बार यही सवाल सताता था—
“अब मेरे बेटे का क्या होगा?”
मैंने माँ को बहुत समझाया, लेकिन माँ का दिल आखिर माँ का ही होता है।
कुछ दिनों बाद मैं फिर जहानाबाद लौट आया। वहां मैंने छोटे-छोटे बच्चों को ट्यूशन पढ़ाना शुरू कर दिया। उसी से मेरा खर्च चलने लगा।
उधर गांव में माँ अभी भी दूसरों के खेतों में काम करती थी।
मैं लगातार प्रतियोगी परीक्षाएँ देता रहा, मगर सफलता हाथ नहीं लगी। बेरोजगारी इतनी बढ़ गई थी कि हजार पदों के लिए लाखों लोग आवेदन कर रहे थे।
ऊपर से सिफारिश और घूस का खेल अलग।
धीरे-धीरे मेरा मनोबल भी टूटने लगा था।
इसी बीच एक दिन मेरी माँ भी मुझे हमेशा के लिए छोड़कर चली गई।
अब मैं इस दुनिया में बिल्कुल अकेला रह गया था।
फिर भी मैंने हिम्मत नहीं हारी।
मैं अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने की कोशिश करता रहा।
लेकिन तभी दुनिया पर कोरोना महामारी का कहर टूट पड़ा।
लॉकडाउन लग गया। स्कूल-कोचिंग सब बंद हो गए। मेरा ट्यूशन भी बंद हो गया।
मैं मजबूरी में गांव लौट आया।
कुछ दिन तक जमा पैसों से गुजारा किया, मगर धीरे-धीरे सब खत्म हो गया।
अब मेरे सामने सबसे बड़ा सवाल था—
“ जिंदा रहने के लिए क्या करूं ? ”
एक दिन मैं घर के सामने बैठा अपने भविष्य के बारे में सोच ही रहा था कि तभी पड़ोस के गांव के किसान बसंत बाबू मेरे पास आए।
उन्होंने अपने बेटे की शादी में नाचने के लिए मुझे बुलाया।
उनकी बात सुनकर मेरा खून खौल उठा। मैंने उन्हें गुस्से में डांटकर भगा दिया।
लेकिन जाते-जाते वे चुपचाप एक बात कह गए—
“एक रात का पाँच हजार रुपया दूंगा।”
उस रात मैं बिल्कुल सो नहीं सका।
मेरे अंदर एक भयानक संघर्ष चल रहा था—
एक तरफ मेरे माता-पिता का सपना था…
दूसरी तरफ मेरी भूख।
दो दिन बाद बसंत बाबू फिर आए। इस बार उन्होंने छह हजार रुपये देने की बात कही।
पता नहीं क्यों, लेकिन इस बार मैंने चुपचाप हाँ कर दी।
शायद भूख इंसान से उसके सिद्धांत भी छीन लेती है।
बचपन से पिता को नाचते देखकर मैं नाचना तो सीख ही गया था।
और आज उसी कला ने मुझे भूख से बचा लिया था।
बसंत बाबू के बेटे की शादी में मैं पूरी रात नाचा।
उस एक रात के बदले मुझे छह हजार रुपये मिले।
इतना पैसा तो मैं पहले एक महीने ट्यूशन पढ़ाकर भी नहीं कमा पाता था।
गांव में लोग चाहे जो कहते रहें, लेकिन उस रात मैंने लंबे समय बाद चैन की नींद सोई।
शायद मेरी किस्मत में यही लिखा था।
मैं न चाहते हुए भी अपने बाप-दादा की विरासत का हिस्सा बन गया था।
और शायद इस बेरोजगारी और दिखावटी समाज में अब मुझे जिंदगी भर यही “ मजबूरी का नाच ” करना पड़ेगा।
अंतिम संदेश
किसी भी इंसान का काम उसकी इज़्ज़त को छोटा नहीं करता, बल्कि समाज की सोच उसे छोटा बना देती है।
कपिल ने जो किया, वह उसकी पसंद नहीं थी — वह उसकी मजबूरी थी।
हम अक्सर बड़े मंचों पर नाचने वाले कलाकारों को तालियाँ देते हैं, लेकिन अपने ही गांव के लोक कलाकारों को तिरस्कार की नजर से देखते हैं।
सच्चाई यह है कि हर कलाकार सम्मान का हकदार होता है, चाहे उसका मंच कितना भी छोटा क्यों न हो।
कभी-कभी हालात इंसान को उसी रास्ते पर वापस ले आते हैं, जिससे बचाने के लिए उसके अपने पूरी जिंदगी संघर्ष करते हैं।
लेकिन रोटी की लड़ाई में हार-जीत नहीं होती — वहाँ सिर्फ जीने की जिद होती है।
इसलिए किसी की मजबूरी पर हंसने से पहले यह जरूर सोचिए कि शायद वह अपने सपनों के नहीं, बल्कि अपने हालात के साथ समझौता कर रहा है।
👉 ऐसी ही प्रेरणादायक एवं मजेदार कहानियाँ पढ़ने के लिए किशोरवाणी ब्लॉग फॉलो करें।
👉 पोस्ट पसंद आए तो कमेंट भी जरूर लिखें ।
👉 इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दें। आपका कॉमेंट हमें बेहतर लिखने की प्रेरणा देता है।