जब कुआँ बोल पड़ा : एक कुएँ की आत्मकथा | पर्यावरण और परंपरा की मार्मिक कहानी । jab-kuan-bol-pada-ek-kuen-ki-atmakatha




            “जब कुआँ बोल पड़ा” एक संवेदनशील और विचारोत्तेजक रचना है, जिसमें एक कुआँ स्वयं अपनी जीवन यात्रा और पीड़ा की कहानी सुनाता है। यह कथा उस समय से शुरू होती है जब मानव सभ्यता की शुरुआत हुई थी और कुएँ मनुष्य के जीवन का आधार थे।

समय के साथ विज्ञान और आधुनिक तकनीक के विकास ने जहाँ जीवन को सुविधाजनक बनाया, वहीं पारंपरिक जलस्रोतों की उपेक्षा भी बढ़ती गई। कभी “कूप देवता” के रूप में पूजे जाने वाले कुएँ आज उपेक्षा, कूड़े और मिट्टी के ढेर में बदलते जा रहे हैं।
यह रचना केवल एक कुएँ की कहानी नहीं, बल्कि प्रकृति, परंपरा और मानव सभ्यता के बदलते रिश्तों की मार्मिक दास्तान है।

    यह हमें याद दिलाती है कि विकास की दौड़ में हमें अपने पर्यावरण और पारंपरिक जलस्रोतों को भूलना नहीं चाहिए।







           कभी मैं इस धरती की प्यास बुझाने वाला जीवनदाता था।
मेरे जल के बिना पूजा अधूरी मानी जाती थी, और मेरे किनारे बैठकर पीढ़ियाँ अपनी थकान उतारती थीं।

आज वही मैं…
कहीं कूड़े का गड्ढा बनकर रह गया हूँ, कहीं मिट्टी से भर दिया गया हूँ, तो कहीं अपनी टूटी ईंटों के साथ खामोश खड़ा हूँ।

सदियों तक मनुष्य की प्यास बुझाने वाला मैं कुआँ, आज पहली बार अपनी पीड़ा की कहानी स्वयं सुनाने आया हूँ।




              जब कुआँ बोल पड़ा

                                    ✍️ किशोर 


               (एक कुएँ की आत्मकथा)




                      एक ओर जहाँ मेरी आलोचना करते-करते अनेक लेखकों और कवियों ने अपनी लेखनी घिस डाली, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने मेरी प्रशंसा के ऐसे पुल बाँधे कि मानो मैं इस धरती का सबसे महान अस्तित्व हूँ। किंतु इन सबके बीच मैं सदा मौन ही रहा।
आज तक मैंने कभी अपनी सफाई में एक शब्द भी नहीं कहा।

परंतु आज… शायद पहली और अंतिम बार मैं अपनी यह बंद जुबान खोलने जा रहा हूँ। संभव है मेरी यह बेबाक बात सुनकर मेरे निर्माता मुझसे रुष्ट हो जाएँ, और यह भी संभव है कि मेरी वर्तमान दुर्दशा पर किसी का ध्यान ही चला जाए।

आज मैं ऐसे परिवेश में जी रहा हूँ जहाँ मेरा रोम-रोम पीड़ा से कराह रहा है। मेरी व्यथा का यह करुण क्रंदन सुनने वाला कोई नहीं। इसी विवशता ने मुझे अपने शांत, धीर-गंभीर मुख के बंद कपाट खोलने को बाध्य कर दिया है।

मैं आपसे न्याय की भीख नहीं माँगता। कोई विशेष आकांक्षा भी नहीं रखता। बस अपनी पीड़ा की कथा सुनाकर शायद अपने मन का बोझ थोड़ा हल्का करना चाहता हूँ।

मुझे आज भी वह आदिकाल याद है जब मनुष्य ने पहली बार इस धरती पर मेरा निर्माण किया था। उस समय मनुष्य खानाबदोश जीवन जीता था। न गाँव थे, न शहर, न कोई स्थायी बस्तियाँ। लोग जहाँ जाते, वहीं मुझे बना लेते।

मेरा स्वरूप भी बड़ा साधारण और अस्थायी होता था—पत्थरों के नुकीले टुकड़ों और लकड़ियों के सहारे किसी तरह मुझे खड़ा कर दिया जाता। फिर भी मेरा हृदय इतना उदार था कि उन विपन्न परिस्थितियों में भी मैं मनुष्यों को जीवनदायी जल प्रदान करता रहता था।

हाँ, एक बात मुझे बहुत कचोटती थी—जब वे लोग मुझे छोड़कर कहीं और चले जाते। धीरे-धीरे मैं मिट्टी से भर जाता और फिर किसी नए स्थान पर मेरा निर्माण हो जाता।
इस प्रकार मेरा जीवन बार-बार निर्माण और पतन के चक्र में घूमता रहा।

समय की धारा कभी एक-सी नहीं रहती। जब मानव सभ्यता ने नवयुग में प्रवेश किया, तब मेरा भी स्वरूप बदलने लगा। अब लोग छोटे-छोटे कबीलों और कस्बों में बसने लगे थे। कहीं मेरा बड़ा भाई—तालाब और पोखर—लोगों की प्यास बुझाता, तो कहीं मैं उनकी सेवा में तत्पर रहता।

अब मुझे स्थायित्व मिलने लगा था। लोग मुझे सम्मान की दृष्टि से देखने लगे थे। मेरे प्रति उनके मन में श्रद्धा जागने लगी। मैं सदैव जल से परिपूर्ण रहता और लोगों की सेवा करके संतोष अनुभव करता।

कभी-कभी कोई नन्हा बालक खेलते-खेलते मेरे भीतर गिर जाता। तब मैं उसे बचाने की भरसक कोशिश करता, परंतु मेरा चंचल साथी—जल—उसे अपनी बाँहों में समेट लेता और वह मासूम मेरे तल में ही दम तोड़ देता।
उस क्षण मेरी पीड़ा का कोई पारावार नहीं रहता।

पर मैं भी क्या करता? जल को कैसे समझाता? वह तो स्वभाव से चंचल और नटखट है। कभी-कभी वह मुझसे रूठकर मुझे छोड़ भी देता था। पर जब मेरे निर्माता मेरा आकार बढ़ा देते, तो वह फिर लौट आता।
हम दोनों के बीच कभी-कभी तकरार होती, पर हमारा साथ कभी नहीं टूटा।

समय बीतता गया और मानव सभ्यता के साथ-साथ मेरा सम्मान भी बढ़ता गया। मेरी संख्या बढ़ने लगी। मेरा विस्तार दिन-दूना, रात-चौगुना होने लगा।

एक दिन तो मेरी खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा जब लोगों ने मुझे पत्थरों से सुसज्जित कर नया स्वरूप दिया। अब मैं धरती से ऊँचा बना था, जिससे किसी के गिरने का खतरा कम हो गया था। मेरे ऊपर घिरनी का यंत्र लगा दिया गया था, जिससे पानी निकालना सहज हो गया।

अब लोग मुझे और भी अधिक पवित्र मानने लगे थे। घर में जब भी किसी शिशु का जन्म होता, मेरी पूजा की जाती। मेरे जल को पवित्रता का प्रतीक समझा जाता। लोग समय-समय पर मेरी सफाई करते और श्रद्धापूर्वक मुझे “कूप देवता” कहकर पुकारते।

समय इसी तरह बहता रहा।

फिर धीरे-धीरे विज्ञान का युग आया। जैसे-जैसे विज्ञान ने अपने पाँव पसारे, वैसे-वैसे मेरी उपेक्षा भी बढ़ती चली गई। मेरी जगह नलकूपों और हैंडपंपों ने लेनी शुरू कर दी।

कहीं-कहीं तो लोगों ने मेरे सीने पर ही चापाकल गाड़ दिया।
मैं असहाय सब कुछ सहता रहा।

एक समय था जब लोग मेरी पूजा करते थे। और आज वही लोग मेरे भीतर थूकने लगे। जब कोई मेरे अंदर कूड़ा-कचरा फेंक देता, तब मेरा अस्तित्व मानो अपमान से कांप उठता। मैं दुःख के अथाह सागर में डूब जाता।

धीरे-धीरे मैंने इस बदले हुए समय को स्वीकार करना शुरू कर दिया। मगर अत्याचारों की भी एक सीमा होती है।
पहले मेरे जल के बिना भगवान की पूजा अधूरी मानी जाती थी, और आज वही लोग मेरे जल को अशुद्ध बताने लगे।

मेरे अनेक साथियों ने तो अपना अस्तित्व ही खो दिया। जो बचे थे, वे भी जर्जर अवस्था में पड़े थे—कोई आधा गिरा हुआ, कोई मिट्टी में धँसा हुआ। कहीं हमें कूड़ादान बना दिया गया, तो कहीं गंदी नालियों का पानी जमा करने का साधन।

कुछ भाग्यशाली साथी आज भी मंदिरों के पास पूजे जाते हैं, मगर उनका जल अब कोई नहीं पीता।

कुछ समय पहले तक मैं अपने साथियों से अधिक भाग्यशाली था। मेरा जल मीठा और स्वच्छ था, इसलिए लोग चाहकर भी मुझे छोड़ नहीं पा रहे थे। एक सज्जन ने मेरे जगत का नवनिर्माण भी करवा दिया था।

परंतु एक दिन सरकार की कृपा से मेरे समीप भी एक चापाकल लगा दिया गया।
बस… उसी दिन से लोगों का रुख मेरी ओर से हटने लगा।

धीरे-धीरे मेरी स्थिति भी मेरे अन्य साथियों जैसी हो गई। लोग मेरे भीतर कूड़ा-कचरा फेंकने लगे।

और एक दिन तो हद ही हो गई—जब एक वृद्धा ने मेरे भीतर कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। उसके बाद लोगों ने मुझे मिट्टी से भर दिया।

मैं सब कुछ सिसकते हुए सहता रहा…
क्योंकि मुझे मालूम था—यदि उस समय मैं बोल पड़ता, तो शायद लोग मेरे अस्तित्व की एक-एक ईंट भी उखाड़कर फेंक देते।

आज कम से कम इतना संतोष है कि मैं अभी भी सीधा खड़ा हूँ—
भले ही मेरे भीतर अब जल की जगह मिट्टी ही क्यों न भरी हो।

पर कभी-कभी मन में एक प्रश्न उठता है—
क्या सचमुच विज्ञान के इस युग में मेरे जैसे पुराने साथियों के लिए कोई स्थान शेष नहीं बचा?







                  एक अपील 


मैं जानता हूँ कि समय को पीछे नहीं लौटाया जा सकता। विज्ञान की गति को रोका नहीं जा सकता।

पर क्या आधुनिकता का अर्थ यह है कि हम अपने उन साथियों को ही भूल जाएँ जिन्होंने सदियों तक हमारी प्यास बुझाई?

क्या विकास की दौड़ में उन परंपराओं और जलस्रोतों को यूँ ही मिटा देना उचित है, जो कभी हमारे जीवन का आधार थे?

आज मैं मिट्टी से भरा खड़ा हूँ, पर मेरी स्मृतियाँ अभी भी जीवित हैं।

काश! मनुष्य एक बार फिर समझ पाता कि प्रकृति के साथ उसका रिश्ता उपयोग का नहीं, बल्कि संरक्षण का है।

शायद तब…

मेरे जैसे कई भूले-बिसरे कुएँ फिर से सम्मान के साथ खड़े दिखाई देंगे—

और आने वाली पीढ़ियाँ यह नहीं पूछेंगी कि

“कुआँ आखिर होता क्या था ?”







👉 ऐसी ही प्रेरणादायक एवं मजेदार कहानियाँ पढ़ने के लिए किशोरवाणी ब्लॉग फॉलो करें।

👉 पोस्ट पसंद आए तो कमेंट भी जरूर लिखें ।

👉 इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।


टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दें। आपका कॉमेंट हमें बेहतर लिखने की प्रेरणा देता है।

Popular Post

अधूरी बारिश की कहानी – एक अनाथ बच्ची की मार्मिक कहानी । Adhuri-Barish-Ki-Kahani-real -story

जब गांव की गलियां याद आईं – प्रेरणादायक हिंदी कहानी | Village Emotional Story

सात जन्मों का अधूरा बंधन | एक मार्मिक अधूरी सच्ची प्रेम कहानी । saat- janno -ka-adhura -bandhan -real -love -story

दहेज के बोझ तले टूटता फकीरा | दहेज प्रथा पर मार्मिक हिंदी कहानी । Dahej ke Bojh Tale Tutata Fakira

माँ का आँचल | दिल छू लेने वाली प्रेरक हिन्दी कहानी / Maa- Ka-Aanchal -Emotional-Inspirational- Hindi -Kahani

मोबाइल वाला बेटा – भावुक कहानी | परिवार और रिश्तों की सच्चाई। Mobile Wala Beta

अधूरी चाय – एक दिल छू लेने वाली भावुक हिंदी कहानी | Adhuri Chai Hindi Story