दो गुलाब के फूल – एक अधूरी प्रेम कहानी | do-gulab-ke-phool-adhuri-prem-kahani
बसंत की एक सुहानी सुबह… चारों ओर फैली हरियाली और बगीचे में खिले गुलाब के दो सुंदर फूल। प्रकृति की इस मनमोहक छटा को देखते हुए अचानक मन अतीत की उन यादों में खो जाता है, जहाँ कभी प्यार की खुशबू बसी थी।
कभी-कभी जिंदगी में कुछ रिश्ते ऐसे आते हैं जो फूलों की तरह दिल में खिलते तो हैं, लेकिन किस्मत की हवाएँ उन्हें हमसे दूर कर देती हैं। यह कहानी भी दो ऐसे ही फूलों की है—जो कभी जीवन में खिले, खुशबू भी बिखेरी, मगर अंततः यादों में ही रह गए।
✍️ किशोर
सुबह का समय था। मौसम बसंत का था और स्थान था मेरा बगीचा। भला ऐसे में मन खिला न रहे, ऐसा कैसे हो सकता था! चारों ओर हरियाली फैली हुई थी। मैं अपने घर के सामने खड़ा प्रकृति की इस अनुपम छटा को निहार रहा था।
बहुत दिनों बाद आज मेरा मन इतना प्रसन्न था। इसका कारण था—कुछ पुरानी यादें।
अचानक मेरी नज़र गुलाब के दो फूलों पर पड़ी। ये वही पौधा था जिसे मैंने अपने हाथों से लगाया था। आज वह बड़ा होकर पूरे उपवन का सबसे सुंदर फूल बनकर खिला था। उसकी सुंदरता इतनी आकर्षक थी कि जो भी देखे, बस देखता ही रह जाए।
पता नहीं क्यों, उन दो फूलों को देखते ही मेरा मन फिर पुरानी यादों के भंवर में उतरने लगा।
वे भी तो दो फूल ही थीं—उतनी ही सुंदर, उतनी ही मोहक, उतनी ही प्यारी। जिन्हें देखकर कोई भी बस देखता ही रह जाता था। ऐसा ही रूप और लावण्य था उन दोनों का।
यह बात आज से करीब पंद्रह साल पहले की है।
एक सुबह मैं गांव के बाहर बने पुल पर बैठा था। रोज़ की तरह कुछ देर के लिए मैं वहां आकर बैठा करता था—कभी वर्तमान के बारे में सोचता, कभी भविष्य के बारे में।
मैं उठकर गांव की ओर जाने ही वाला था कि तभी एक जीप गांव की ओर आती सड़क पर मुड़ी। न जाने क्यों, मैं फिर से वहीं बैठ गया।
कुछ ही देर में जीप मेरे पास आकर रुक गई। उसमें कुल पाँच लोग बैठे थे। उनमें से एक व्यक्ति को मैं पहचानता था। वे कुछ ही दिन पहले हमारे गांव में अपना घर बनाकर रहने आए थे। उनका एक रिश्तेदार हमारे ही गांव में रहता था। पहले वे शहर में रहते थे, लेकिन नौकरी से रिटायर होने के बाद अब गांव में ही बस गए थे।
जीप में एक महिला थी—शायद उनकी पत्नी। उनके साथ दो लड़कियाँ और एक लड़का भी था। संभवतः तीनों उनके बच्चे थे।
उन दोनों लड़कियों को देखकर मैं कुछ पल के लिए ठहर सा गया। उनका सौंदर्य सचमुच मन मोह लेने वाला था।
औपचारिक परिचय और शिष्टाचार के बाद मैं भी उनके साथ जीप में बैठकर गांव की ओर चल पड़ा।
घर पहुंचकर उनका सामान रखने में मैंने मदद की। फिर अपने घर से उनके लिए जलपान लेकर आया। लेकिन सच कहूँ तो उस दिन मेरी नज़रें बार-बार उन शहरी लड़कियों की ओर ही चली जाती थीं।
उस दिन के बाद उस घर में मेरा आना-जाना शुरू हो गया।
बड़ी बहन का नाम श्वेता था और छोटी बहन का नाम रश्मि। श्वेता मेरे ही क्लास में पढ़ती थी, जबकि रश्मि हम दोनों से एक क्लास नीचे थी।
दोनों देखने में लगभग एक जैसी लगती थीं। उनका सौंदर्य ऐसा था जैसे स्वर्ग की अप्सराएँ धरती पर उतर आई हों। और समय के साथ उनका रूप और भी निखरता जा रहा था।
समय बीतता गया… हमारी पहचान बढ़ती गई… और पता ही नहीं चला कि यह पहचान कब प्यार में बदल गई।
इस बात का एहसास हमें तब हुआ, जब हम दोनों बिछड़ गए।
हाई स्कूल के बाद मैं आगे की पढ़ाई के लिए शहर चला गया। वहां मेरा मन बिल्कुल नहीं लगता था। हर पल श्वेता की यादें मुझे सताती रहती थीं। पता नहीं कब वह मेरी धड़कनों में, मेरी सांसों में बस गई थी।
एक दिन अचानक मुझे एक खत मिला।
जब मैंने उसे पढ़ा, तो खुशी के मारे झूम उठा। वह खत श्वेता का था। वह भी मुझसे उतना ही प्यार करती थी। उसने मुझे गांव आने के लिए बुलाया था।
मैं कोई बहाना बनाकर गांव आ गया।
और फिर शुरू हुआ गांव की हसीन वादियों में छुप-छुपकर मिलने का सिलसिला… हमारा प्यार धीरे-धीरे गहराता गया।
लेकिन कुछ दिनों बाद परिवार के दबाव के कारण मुझे फिर शहर लौटना पड़ा।
कुछ समय बाद मुझे एक और खत मिला।
मैंने सोचा यह भी श्वेता का होगा, मगर जब पढ़ा तो मेरे पैरों तले जमीन खिसक गई।
यह खत रश्मि का था।
वह भी मुझसे प्यार करती थी।
यह अजीब संयोग था। मैं तो पहले ही श्वेता के प्यार में डूब चुका था। मैं रश्मि की भावनाओं का उत्तर कैसे दे सकता था?
मैंने तुरंत रश्मि को एक पत्र लिखा और उसे सच बता दिया कि मैं और श्वेता एक-दूसरे से प्यार करते हैं।
समय धीरे-धीरे बीतता रहा।
कुछ दिन बाद मुझे फिर श्वेता का पत्र मिला। उसने मुझे तुरंत गांव बुलाया था।
घर पहुंचकर मुझे पता चला कि उसके परिवार वालों ने उसकी शादी तय कर दी है। और सबसे बड़ा संयोग यह था कि दोनों बहनों की शादी एक ही साथ तय हो गई थी।
यह सुनकर मैं गम के अथाह सागर में डूब गया।
मैं तुरंत गांव पहुंचा और श्वेता से मिला। हम दोनों मिलकर कोई रास्ता खोजने की कोशिश करने लगे—क्या हम अपने प्यार के बारे में सबको बता दें? या फिर घर छोड़कर कहीं दूर चले जाएँ?
लेकिन सच तो यह था कि हम दोनों के पास समाज से लड़ने का साहस नहीं था।
और देखते ही देखते शादी का दिन भी आ गया।
उसी दिन मुझे श्वेता का एक पत्र मिला।
" किशोर
तुम मुझे गलत मत समझना। यह कभी मत सोचना कि मैं तुम्हें नहीं चाहती थी। मैं तो इतना चाहती हूं की दुनिया में कभी किसी को इतना नहीं चाहूंगी । आशीष हमारा प्यार बदनाम न हो, लोग हमारे प्यार पर थूकें नहीं, इसीलिए मैंने यह फैसला किया है कि हमें हालात से समझौता कर लेना चाहिए । आशीष, तुम तो जानते ही हो कि प्यार पूजा होती है। इस जन्म में शायद हम दोनों को इसे पूजने का ही अधिकार मिला है । ताकि अगले जन्म में हमें मिलने से कोई रोक न सके। अतः आशीष हो सके तो तुम मुझे अब भुला देना।
मैं तो एक भूली सी नाम हूं,
मुझे मुस्कुरा कर विदा करो ।
मैं तो एक डूबती सी शाम हूं,
मुझे हंस कर विदा करो।
ना रखना पास कोई भी,
मोहब्बत की निशानी को ।
अगर पूछे कोई तुमसे,
था एक राहगीर कह देना । "
तुम्हारी श्वेता ।
पत्र पढ़कर मैं स्तब्ध रह गया।
उसने अपने प्यार की बदनामी से बचाने के लिए इतनी बड़ी कुर्बानी दे दी थी।
दोनों बहनें अपने-अपने ससुराल चली गईं।
उनके जाने के बाद मैंने अपने घर के सामने एक छोटा सा गुलाब का पौधा लगा दिया।
कुछ समय बाद मैं फिर शहर पढ़ने चला गया।
और आज… वर्षों बाद… उसी पौधे में दो सुंदर फूल खिले थे।
ठीक वैसे ही जैसे कभी मेरे जीवन में श्वेता और रश्मि नाम के दो फूल खिले थे।
अचानक किसी की आहट से मैं अपनी यादों से बाहर आया।
मैंने देखा—एक लड़का उन दोनों गुलाब के फूलों को तोड़कर ले जा रहा था।
और मैं फिर से गमों के उसी अथाह सागर में डूब गया। क्योंकि शायद उन गुलाब के फूलों की खुशबू भी उन दो फूलों की तरह मेरे नसीब में नहीं थी।
कहानी का संदेश
यह कहानी हमें सिखाती है कि सच्चा प्यार हमेशा पाने का नाम नहीं होता। कभी-कभी प्यार में त्याग, समझौता और यादें ही सबसे बड़ी सच्चाई बन जाती हैं।
कई बार जिंदगी हमें वह नहीं देती जो हम चाहते हैं, लेकिन जो यादें हमें मिलती हैं, वही जीवन भर हमारे दिल में खुशबू बनकर रहती है।
गुलाब के दो फूलों की तरह ही कुछ रिश्ते हमारे जीवन में आते हैं—खूबसूरत, महकते हुए और यादगार।
भले ही वे हमेशा हमारे साथ न रहें, मगर उनकी खुशबू हमारी यादों में हमेशा बस जाती है।
आप क्या सोचते हैं ?
क्या आपके जीवन में भी कभी ऐसा कोई रिश्ता आया है जो याद बनकर रह गया ?
अपनी राय हमें कमेंट में जरूर बताइए।
श्वेता शादी के बाद ससुराल चली जाती है। और किशोर भी शहर आ जाता है। मगर अचानक दस साल बाद एक दिन किशोर की श्वेता से शहर में मुलाकात हो जाती है। फिर क्या होता है ? क्या किशोर और श्वेता एक हो पाते हैं ? जानने के लिए पढ़िए एक बहुत ही मार्मिक और प्यारी कहानी अधूरी चाय।
कहानी पढ़ने के लिए नीचे लिखे कहानी के टाईटल पर क्लिक करें
आपको पता है किशोर के जीवन में श्वेता से पहले भी एक बहुत ही प्यारी और मासूम लड़की आई थी गरिमा। मगर दोनों का प्यार परवान चढ़ता उससे पहले ही सब कुछ बिखर गया।
किशोर और गरिमा के प्यार की कहानी जानना चाहते हैं तो कहानी सात जन्मों का अधूरा बंधन जरूर पढ़िए। बहुत ही मार्मिक कहानी है। यह कहानी आपके दिल को झकझोर कर रख देगी।
कहानी पढ़ने के लिए नीचे लिखे कहानी के टाईटल पर क्लिक करें
👉 ऐसी ही प्रेरणादायक एवं मजेदार कहानियाँ पढ़ने के लिए किशोरवाणी ब्लॉग फॉलो करें।
👉 पोस्ट पसंद आए तो कमेंट भी जरूर लिखें ।
👉 इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दें। आपका कॉमेंट हमें बेहतर लिखने की प्रेरणा देता है।